कल्याण: शहर के एक प्रमुख क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जब सन 2006 में बनी श्री सप्तश्रृंगी नामक इमारत की दूसरी मंजिल का स्लैब अचानक भरभराकर गिर पड़ा। यह स्लैब उस घर पर गिरा, जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात से आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महापालिका ने कुछ महीने पहले ही इस इमारत को धोखादायक घोषित कर दिया था। इसके बावजूद, इमारत में मरम्मत का कार्य जारी था, जो शायद इस हादसे का कारण बन गया। हादसे की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य में जुट गई। हालांकि, इमारत का हिस्सा गिरने से घटनास्थल पर मलबा फैल गया, जिससे राहत कार्य में कठिनाई का सामना करना पड़ा।
हादसे के समय इमारत के नीचे स्थित घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, जिससे पूरा परिवार इस हादसे का शिकार हो गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ, क्योंकि जब इमारत को धोखादायक घोषित किया गया था, तब उसके सुधार कार्यों को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए।
स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी रखने का आश्वासन दिया है। वहीं, मृतकों की संख्या में और वृद्धि की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने का वादा किया है। इस घटना ने शहर में एक बार फिर से इमारतों की सुरक्षा और उनके उचित रख-रखाव की जरूरत को उजागर किया है, खासकर उन इमारतों के बारे में जिनकी हालत काफी खस्ता हो चुकी है।