पीएम और सीएम को भेजा पत्र, सुरक्षा और सीबीआई जांच की मांग
लखनऊ। जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी कुमारी सिंह ने एक बार फिर बड़ा बयान देते हुए पति और एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपालजी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भानवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर अपनी और बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई है। साथ ही पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग भी की है।
भानवी ने कहा कि उन्होंने वर्षों तक परिवार की इज़्ज़त बचाने के लिए चुप्पी साधी, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि सच को सामने लाना मजबूरी बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में अक्षय प्रताप सिंह ने मीडिया इंटरव्यू में उन्हें “पागल” करार दिया, जो उनके आत्मसम्मान पर गहरी चोट है। यही वजह है कि अब वह सार्वजनिक रूप से सामने आकर अपनी बात रख रही हैं।
भानवी ने अपने पत्र में लिखा – “मैंने बहुत उत्पीड़न सहा और सहनशीलता दिखाई, लेकिन अब अपराधियों की ताक़त बढ़ रही थी। अक्षय प्रताप और उनके सहयोगी मेरे खिलाफ झूठ फैलाते हैं। यही कारण है कि मैंने सच्चाई सार्वजनिक करने और जांच एजेंसियों से निष्पक्ष जांच की मांग करने का निर्णय लिया है।”
उन्होंने आगे कहा कि उनके पास पर्याप्त सबूत हैं, जिन्हें जांच एजेंसियों को सौंपा जा सकता है। “नई अपराध न्याय संहिता के तहत वैज्ञानिक और फोरेंसिक जांच की व्यवस्था है, पंद्रह दिन में सच सामने आ सकता है। अगर यूपी पुलिस पर भरोसा नहीं है तो सीबीआई जांच करा ली जाए। हिम्मत है तो अक्षय प्रताप स्वयं यह मांग करें।”
भानवी ने एक गंभीर आरोप यह भी लगाया कि अक्षय प्रताप सिंह जानबूझकर उनके दिल्ली स्थित घर की जानकारी सार्वजनिक कर रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि इससे उनकी और बच्चों की सुरक्षा को खतरा है।
उन्होंने कहा – “जिसे पागलपन कहा जा रहा है, वह असल में मेरे अधिकारों और न्याय की लड़ाई है। मैं भगवान राम और सनातन धर्म की सीख के अनुसार सहनशील रही, लेकिन अब चुप्पी अपराधियों को ताक़त दे रही थी। इसलिए सच सामने रखना ज़रूरी है।”
भानवी ने दावा किया कि जांच हुई तो न केवल अक्षय प्रताप, बल्कि आशिका सिंह और उनके अवैध गतिविधियों में शामिल होने का सच भी सामने आएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग अवैध रिश्ते, अवैध हथियार और अन्य गैरकानूनी कामों में भी संलिप्त हैं।
भानवी का यह बयान एक बार फिर राजा भैया परिवार के अंदरूनी विवाद को सार्वजनिक मंच पर ले आया है। अब देखना होगा कि केंद्र और राज्य सरकार इस मामले में क्या कदम उठाती हैं और उनकी सीबीआई जांच की मांग पर क्या निर्णय होता है।