कचरे की छंटनी में मिला सोने का हार, सफाई कर्मियों की ईमानदारी बनी मिसाल

कल्याण : आज के समय में जहां ईमानदारी दुर्लभ होती जा रही है, वहीं कल्याण के सफाई कर्मियों ने एक उदाहरण पेश करते हुए समाज में भरोसे की नई मिसाल कायम की है। बढ़ती सोने की कीमतों के बीच, कल्याण पूर्व के एक इलाके में एक महिला ने गलती से अपना कीमती सोने का हार कचरे के साथ फेंक दिया, लेकिन नगर निगम और ठेकेदार कंपनी के कर्मचारियों ने अपनी सच्चाई और समर्पण से उस गहने को ढूंढ़कर महिला को लौटा दिया।


घटना कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका (ख्Dश्ण्) के अंतर्गत आती है। जानकारी के अनुसार, रोज की तरह सुमित कंपनी के सफाई कर्मचारी इलाके से कचरा एकत्र कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला ने घरेलू कचरा फेंकते समय अनजाने में उसमें अपना सोने का हार भी डाल दिया। जब बाद में उसे एहसास हुआ कि हार गायब है, तो उसके होश उड़ गए। घबराई महिला ने तुरंत सुमित कंपनी के अधिकारी समीर खाडे और केडीएमसी स्वच्छता निरीक्षक अमित भालेराव से संपर्क कर पूरी बात बताई। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कदम उठाया। कचरा ले जाने वाली गाड़ी को कचोरे टेकड़ी स्थित इंटरकटिंग सेंटर पर रोका गया और पूरी टीम ने मिलकर कचरे की छंटनी शुरू की।


मौके पर महिला और उसके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। सफाई कर्मियों ने बिना किसी हिचकिचाहट या नाराजगी के कई थैले खोलकर कचरे की परतें छानीं। घंटों की मेहनत के बाद अंततः उनमें से एक कर्मचारी को सोने का हार मिल गया। जैसे ही हार महिला को दिखाया गया, उसकी आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। सफाई कर्मियों ने हार महिला को पूरी ईमानदारी से सौंप दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में केडीएमसी और सुमित कंपनी के कर्मचारियों की सराहना हो रही है। लोगों ने कहा कि सफाई कर्मी न केवल शहर को स्वच्छ रखते हैं, बल्कि उन्होंने यह साबित कर दिया कि इंसानियत और ईमानदारी आज भी जिंदा है।  महिला के परिवार ने भावुक होकर कहा, हमें उम्मीद नहीं थी कि हार वापस मिलेगा। लेकिन इन कर्मियों की सच्चाई और मेहनत देखकर मन गर्व से भर गया।  


इस पूरे मामले की जानकारी जैसे ही शहर में फैली, सोशल मीडिया पर भी सफाई कर्मियों की जमकर तारीफ होने लगी। नागरिकों ने कहा कि ये कर्मचारी समाज के सच्चे नायक हैं, जो न केवल शहर को स्वच्छ बना रहे हैं बल्कि लोगों के दिलों को भी साफ कर रहे हैं।स्वच्छता निरीक्षक अमित भालेराव ने कहा, हमारी टीम रोज मेहनत से काम करती है। जब हमें यह पता चला कि किसी का कीमती सामान गलती से फेंका गया है, तो हमने उसे ढूंढने का निश्चय किया। हमें खुशी है कि हमारी मेहनत सफल रही। इस घटना ने पूरे कल्याण में सकारात्मक संदेश फैलाया है कि जब ईमानदारी, जिम्मेदारी और संवेदना साथ आती हैं, तो समाज में भरोसे की नई किरण जन्म लेती है। सफाई कर्मियों की इस नेकदिली ने न केवल महिला के चेहरे पर मुस्कान लौटाई, बल्कि शहर का सिर भी गर्व से ऊंचा कर दिया।

Related posts

दोस्ती बनी दुश्मनी का कारण, 15 वर्षीय किशोर ने 17 साल के साथी की ली जान

उद्धव ठाकरे को लोकसभा में बड़ा झटका! छह सांसदों ने बनाया अलग गुट, शिंदे सेना में विलय की अटकलों से सियासत गरम

BEST कर्मचारियों की आर-पार की लड़ाई, आज से अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान