यूपी में प्रशासनिक फेरबदल: 46 आईएएस अधिकारियों के तबादले, तीन कमिश्नर और दस जिलाधिकारी बदले

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मंगलवार देर रात योगी सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 46 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस बदलाव में तीन मंडलायुक्त, दस जिलाधिकारी और कई प्रमुख पदों पर बैठे अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। सरकार ने कई अफसरों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है। इस व्यापक तबादले को आगामी प्रशासनिक रणनीति और चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

विंध्याचल, सहारनपुर और मेरठ के मंडलायुक्त बदले गए हैं। अब तक विंध्याचल के मंडलायुक्त रहे श्री बालकृष्ण त्रिपाठी को सामान्य प्रशासन विभाग में सचिव बनाया गया है, जबकि मत्स्य विभाग के महानिदेशक राजेश प्रकाश को नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। मानवाधिकार आयोग की सचिव धनलक्ष्मी के. को मत्स्य विभाग का महानिदेशक बनाया गया है।

सहारनपुर में अब नए मंडलायुक्त के रूप में डॉ. रूपेश कुमार को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पूर्व मंडलायुक्त अटल कुमार राय को गृह विभाग का सचिव बनाया गया है। मेरठ के नए मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी होंगे, वहीं डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद को राहत आयुक्त और चकबंदी आयुक्त की जिम्मेदारी मिली है।

जिलों में भी बड़ा बदलाव हुआ है। हाथरस, सीतापुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, चित्रकूट, कौशांबी, बलरामपुर, ललितपुर, श्रावस्ती और रामपुर के जिलाधिकारियों को हटा दिया गया है। हाथरस के डीएम राहुल पांडे को विशेष सचिव राज्य कर विभाग बनाया गया है, जबकि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अतुल वत्स को नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

ललितपुर के डीएम अमनदीप डुली को मनरेगा में अपर आयुक्त बनाया गया है और झांसी नगर निगम के नगर आयुक्त सत्य प्रकाश अब ललितपुर के नए डीएम होंगे। इसी प्रकार, सिद्धार्थनगर के डीएम राजागणपति आर. को सीतापुर भेजा गया है और चित्रकूट के डीएम शिवशरणप्पा जीएन को सिद्धार्थनगर का जिलाधिकारी बनाया गया है।

वाराणसी, गाजियाबाद और प्रयागराज विकास प्राधिकरणों में भी बड़े पैमाने पर फेरबदल हुआ है। पुलकित गर्ग अब चित्रकूट के डीएम होंगे, जबकि वाराणसी के सीडीओ हिमांशु नागपाल को नगर आयुक्त बनाया गया है। बिजनौर के सीडीओ पूर्ण वोहरा को वाराणसी विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

मुख्य विकास अधिकारियों और नगर आयुक्तों के स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। बलरामपुर के डीएम पवन अग्रवाल को गृह विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है, जबकि विपिन कुमार जैन को बलरामपुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

योगी सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को शासन-प्रशासन में ताजगी लाने और आगामी योजनाओं के कुशल क्रियान्वयन की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।

Related posts

काकीनाडा में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 18 की मौत; कई गंभीर रूप से झुलसे

आर्थिक तंगी में मां ने नाबालिग बेटी का सौदा किया, आंध्र प्रदेश से चौंकाने वाला मामला

झुंझुनू जिले में मतदाता सूची से हटेंगे 1.16 लाख नाम