दो कारों की भीषण टक्कर, मजदूर की मौत; दो गंभीर घायल

झुंझुनू। जिले के गुढ़ागौडजी थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे 37 पर लीलो की ढाणी के पास शनिवार रात दो कारों की तेज रफ्तार आमने-सामने की टक्कर में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि एक कार बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर के असर से खंभा टूटकर गिर गया और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

इसी दौरान सड़क किनारे पैदल घर लौट रहे दो मजदूर इसकी चपेट में आ गए। प्रतापगढ़ निवासी विकास पुत्र शंकरलाल की मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी सोहन पुत्र प्रथु गंभीर रूप से घायल हो गया। कार में सवार बेसलाना निवासी कुलदीप पुत्र रामेश्वर भी इस दुर्घटना में बुरी तरह घायल हुआ। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद झुंझुनू रेफर किया गया है।

जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई और ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को हटवाया और यातायात बहाल कराया। हादसे ने क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

Related posts

मध्य रेलवे की यात्री संख्या 137 करोड़ के पार, वातानुकूलित लोकल की मांग बढ़ी

मालाड मालवणी में 118 एकड़ जमीन हस्तांतरित, धारावी के अपात्र निवासियों के लिए बनेंगे 1.5 लाख घर

धुले में संदिग्ध जहरीला पदार्थ खाने से मां और मासूम की मौत, पांच वर्षीय बेटा गंभीर