झुंझुनू। राजस्थान के झुंझुनू जिले के खेतड़ीनगर थाना क्षेत्र स्थित भैरूघाटी में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नीमकाथाना से सिंघाना की ओर जा रही एक निजी सवारी बस सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भयावह दुर्घटना में बस में सवार 16 यात्री घायल हो गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद झुंझुनू के लिए रेफर कर दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय बस सामान्य गति से चल रही थी। अचानक सामने से एक बाइक आ जाने पर चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन बस का संतुलन बिगड़ गया। बस डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क के दूसरी ओर जा गिरी और पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू किया। यात्रियों को बस के शीशे तोड़कर और दरवाजों से बाहर निकाला गया। खेतड़ी, सिंघाना और खेतड़ीनगर से एंबुलेंस बुलाई गईं। कुछ घायलों को निजी वाहनों की मदद से नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया।
बस में कुल 35 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश को हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर रूप से घायल अजय, मीना देवी, सावित्री देवी, सुरेंद्र और रितिका को बेहतर इलाज के लिए झुंझुनू रेफर किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम सुनील कुमार चौहान, खेतड़ीनगर थानाधिकारी राकेश कुमार, खेतड़ी बीसीएमओ डॉ. हरीश यादव, सिंघाना बीसीएमओ डॉ. डी.सी. झांझड़िया और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। बस पलटने के कारण सिंघाना–नीमकाथाना सड़क मार्ग पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारू कराया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।