बक्सर। बक्सर में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को लगातार दूसरी बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले में दो दिनों के भीतर दो अलग-अलग कार्रवाइयों में करीब 125 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब जब्त की गई है। तस्करों ने शराब को मुर्गी दाने की बोरियों के नीचे बेहद शातिर तरीके से छुपा रखा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से यह बड़ा खेल पकड़ा गया।
पहली बड़ी कार्रवाई 27 नवंबर को नवानगर थाना पुलिस और मध्य निषेध विभाग की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध शराब की एक बड़ी खेप जिले से होकर गुजरने वाली है। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक 18 चक्का ट्रक को रोककर उसकी सघन तलाशी ली।
964 पेटी शराब के साथ चालक और सहचालक गिरफ्तार
तलाशी के दौरान ट्रक से 964 पेटी अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। कुल 8,641 लीटर शराब की बरामदगी की गई। इस मामले में ट्रक चालक अमन और सहचालक कौशल को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में शुभम आर्य ने प्रेस वार्ता कर बताया कि यह शराब रोहतास से पटना ले जाई जा रही थी। समय रहते कार्रवाई से जिले में बड़ी आपूर्ति को रोका जा सका है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और तस्करी नेटवर्क के अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
वीर कुंवर सिंह सेतु पर दूसरी बड़ी कार्रवाई
इसके बाद शुक्रवार देर रात दूसरी बड़ी सफलता औद्योगिक थाना की पुलिस को मिली। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने वीर कुंवर सिंह सेतु पर पंजाब नंबर की एक गाड़ी को रोका। जब वाहन की तलाशी ली गई तो सभी को हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ।
ट्रक में ऊपर से मुर्गी दाने की बोरियां लदी हुई थीं, लेकिन जब नीचे की परत हटाई गई तो उनके नीचे से 393 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई। इसमें कुल 3,529 लीटर शराब पाई गई। इस मामले में ट्रक चालक संजय को मौके से हिरासत में ले लिया गया।
सोनीपत से सिलीगुड़ी ले जाई जा रही थी खेप
पूछताछ में चालक संजय ने बताया कि उसे सोनीपत से सिलीगुड़ी तक ट्रक ले जाने के लिए दिया गया था और कहा गया था कि ट्रक में मुर्गी दाना लदा हुआ है। उसे शराब के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कौन सा बड़ा गिरोह काम कर रहा है।
औद्योगिक थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि शराब को बेहद चालाकी से छुपाया गया था, ताकि किसी को शक न हो, लेकिन सतर्कता के कारण पूरी खेप पकड़ ली गई।
शराब माफिया पर कसा शिकंजा
बक्सर पुलिस की यह लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई जिले में सक्रिय शराब माफियाओं के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। पुलिस अब दोनों मामलों को आपस में जोड़कर एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है। कई ठिकानों पर छापेमारी के लिए टीमें तैयार की गई हैं।
प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और भी तेज की जाएगी। बक्सर पुलिस की यह सफलता न सिर्फ तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरने वाली है, बल्कि शराबबंदी अभियान के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।