रायबरेली में दिल दहला देने वाली वारदात: बेटी के सामने पिता की नृशंस हत्या, सिर में मारी गईं कई गोलियां

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बदमाशों ने बेटी के सामने ही उसके पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावरों ने पहले पिता को दौड़ाया, फिर सीने पर बैठकर सिर में ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं। पूरी वारदात के दौरान बेटी मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन सुनसान इलाके में कोई भी उसकी सहायता को नहीं पहुंचा।

घटना नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे पाठक मजरे बिन्नावां गांव की है। यहां के रहने वाले मदरसा शिक्षक मुर्तजा (45) अपनी बेटी इशरतजहां को उसके ससुराल डीह थाना क्षेत्र के पूरे सरदार मजरे रोखा गांव से विदा कराकर वापस घर लौट रहे थे। शुक्रवार दोपहर जब वे डीह-नसीराबाद मार्ग पर जंगल के सुनसान हिस्से से गुजर रहे थे, तभी तीन बाइकों पर सवार छह बदमाश वहां पहुंचे और पिता-पुत्री को घेर लिया।

प्रत्यक्षदर्शी बेटी के अनुसार, बाइक सवार बदमाशों ने पहले गाली-गलौज शुरू की। जब उनके हाथों में हथियार दिखे तो इशरतजहां घबरा गई और उसने पिता से बाइक छोड़कर जान बचाने की गुहार लगाई। इसके बाद मुर्तजा बाइक छोड़कर भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उन्हें पकड़कर जमीन पर गिरा दिया।

इसके बाद बदमाशों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। हमलावर मुर्तजा के सीने पर बैठ गए और उनके सिर में एक के बाद एक कई गोलियां दाग दीं। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और मुर्तजा की मौके पर ही मौत हो गई। बेटी अपने पिता को बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन आसपास कोई भी मौजूद नहीं था।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान सड़क पर एक एंबुलेंस आती दिखी। एंबुलेंस को देखकर बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। इस वजह से बेटी की जान बच सकी। घटना के बाद वह बदहवास हालत में मदद के लिए इधर-उधर दौड़ती रही।

सूचना मिलते ही नसीराबाद थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इलाके में दहशत का माहौल है।

मृतक की बेटी इशरतजहां की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही रहने वाले अयूब और उसके बेटे नईम को नामजद करते हुए उनके साथ आधा दर्जन अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। अन्य आरोपियों के खिलाफ अज्ञात में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस नृशंस हत्या से पूरे इलाके में आक्रोश और भय का माहौल व्याप्त है।

Related posts

मध्य रेलवे की यात्री संख्या 137 करोड़ के पार, वातानुकूलित लोकल की मांग बढ़ी

मालाड मालवणी में 118 एकड़ जमीन हस्तांतरित, धारावी के अपात्र निवासियों के लिए बनेंगे 1.5 लाख घर

धुले में संदिग्ध जहरीला पदार्थ खाने से मां और मासूम की मौत, पांच वर्षीय बेटा गंभीर