मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम की बड़ी कार्रवाई, 8 करोड़ की ड्रग्स और 3 करोड़ का सोना जब्त

मुंबई । मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों ने ड्रग्स और सोना तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में करीब 8.47 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा और 3.19 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया गया है। कस्टम विभाग की इस सफलता को तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

कस्टम अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई बैंकॉक से मुंबई पहुंचे एक यात्री के खिलाफ की गई। संदेह के आधार पर की गई तलाशी के दौरान उसके सामान से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। जांच में जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 8.467 करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया और उससे पूछताछ जारी है।

दूसरी कार्रवाई में एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 1,460 ग्राम सोने का वैक्स बरामद किया गया। जब्त किए गए सोने की कीमत करीब 1,86,35,060 रुपये बताई जा रही है। आरोपी सोने को अवैध तरीके से देश में तस्करी कर लाने की कोशिश कर रहा था।

वहीं तीसरी घटना में माले से मुंबई होकर दुबई जा रहे एक अन्य बांग्लादेशी नागरिक को कस्टम अधिकारियों ने रोका। तलाशी के दौरान उसके पास से 810 ग्राम सोने का वैक्स बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 1,03,38,630 रुपये बताई गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोने को अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह के जरिए दुबई ले जाने की योजना थी।

कस्टम विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क की भी जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।

कस्टम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षा और निगरानी को और सख्त किया गया है तथा ड्रग्स और सोना तस्करी के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।

Related posts

दोस्ती बनी दुश्मनी का कारण, 15 वर्षीय किशोर ने 17 साल के साथी की ली जान

उद्धव ठाकरे को लोकसभा में बड़ा झटका! छह सांसदों ने बनाया अलग गुट, शिंदे सेना में विलय की अटकलों से सियासत गरम

BEST कर्मचारियों की आर-पार की लड़ाई, आज से अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान