जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक चौंकाने वाला और असामान्य मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने कथित जान के खतरे की आशंका के चलते अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करा दी। इस फैसले के बाद पति ने नवदंपती को आशीर्वाद देकर विदा किया, जबकि अपने दो वर्षीय बेटे को अपने पास रखने का निर्णय लिया।
मामला जलालपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां के निवासी तंजय की शादी चार वर्ष पूर्व मिर्जापुर निवासी पम्मी प्रजापति से हुई थी। शादी के एक साल बाद दोनों को एक पुत्र हुआ। रोज़गार के सिलसिले में तंजय पत्नी और बच्चे के साथ मुंबई में रहकर एक निजी कंपनी में कार्यरत था।
मुंबई से प्रेमी के साथ जौनपुर पहुंची पत्नी
आरोप है कि 2 जनवरी को पम्मी बिना बताए अपने प्रेमी राजू बैरागी के साथ मुंबई से जौनपुर चली गई। काफी खोजबीन के बावजूद पत्नी का पता न चलने पर तंजय ने महाराष्ट्र पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसी दौरान पम्मी का फोन आया, जिसमें उसने साफ कह दिया कि वह अब अपने प्रेमी के साथ ही रहेगी।
तंजय के अनुसार, काफी समझाने के बाद भी पत्नी अपने फैसले पर अड़ी रही। इसके बाद उसने परिजनों को पूरी स्थिति से अवगत कराते हुए अलग होने का निर्णय लिया। बताया गया कि प्रेमी राजू बैरागी पम्मी के पड़ोसी गांव का रहने वाला है और दोनों कॉलेज के समय से एक-दूसरे को जानते थे।
कानूनी सलाह के बाद मंदिर में विवाह
शुक्रवार को तंजय ने पम्मी, उसके प्रेमी, दोनों पक्षों के परिजनों और अधिवक्ताओं की मौजूदगी में कचहरी में कानूनी सलाह ली। इसके बाद मंदिर में पम्मी की शादी उसके प्रेमी राजू बैरागी से कराई गई। लिखित समझौते के अनुसार, तंजय अपने दो वर्षीय बेटे को अपने साथ रखेगा, जबकि पत्नी को प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दी गई।
तंजय का कहना है कि वह पत्नी को जबरन अपने साथ नहीं रखना चाहता था। उसने यह कदम इसलिए भी उठाया, ताकि प्रेम संबंध में बाधा बनने के कारण किसी अनहोनी की आशंका न रहे। उसके अनुसार, उसे अपनी जान को खतरा महसूस हो रहा था।
पत्नी का पक्ष भी आया सामने
वहीं, पम्मी ने आरोप लगाया है कि उसकी शादी उसकी मर्जी के बिना झूठी जानकारियां देकर कराई गई थी। उसका कहना है कि शादी से पहले पति के पास मुंबई में फ्लैट और संपत्ति होने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में केवल नौकरी की सच्चाई सामने आई। पम्मी का कहना है कि वह अपने कॉलेज मित्र राजू बैरागी के साथ खुश है और अब उसी के साथ रहना चाहती है।
बताया गया कि राजू बैरागी की पहले शादी हो चुकी थी, लेकिन उसकी पत्नी का निधन हो गया था। इसी दौरान पम्मी से संपर्क बढ़ा और दोनों ने साथ रहने का फैसला किया।
यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं प्रशासन के स्तर पर इसे पारिवारिक सहमति से लिया गया निर्णय बताया जा रहा है।