मालवणी की चॉल में सिलेंडर ब्लास्ट, 7 झुलसे, इलाके में अफरा-तफरी

मुंबई। मुंबई के मालवणी इलाके में मंगलवार सुबह गैस सिलेंडर ब्लास्ट की गंभीर घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा मालवणी गेट नंबर-8, एसी मस्जिद के पास स्थित एक चॉल में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गैस रिसाव के कारण सिलेंडर में विस्फोट हुआ, जिसके बाद चॉल में आग लग गई।

घटना भारत माता स्कूल के समीप (मालाड पश्चिम) स्थित चॉल में सुबह करीब 9:25 बजे हुई। सूचना मिलते ही बीएमसी फायर ब्रिगेड (एमएफबी) की टीम, पुलिस, संबंधित बिजली वितरण कंपनी का स्टाफ, एंबुलेंस और बीएमसी वार्ड के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुबह 9:42 बजे आग पर काबू पा लिया।

आग पहली मंजिल पर स्थित एक कमरे तक सीमित रही, जहां सिलेंडर का मुख्य वाल्व, गैस चूल्हा, एलपीजी सिलेंडर, एसी शीट, घरेलू सामान, खाने-पीने की वस्तुएं और गद्दा जलकर खाक हो गया। समय रहते आग पर काबू पाने से बड़ा हादसा टल गया।

इस घटना में कुल सात लोगों के झुलसने की सूचना है। इनमें से चार घायलों को आधार अस्पताल और तीन को केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज जारी है।

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह गैस रिसाव को माना जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से गैस सिलेंडर और घरेलू गैस उपकरणों के सुरक्षित उपयोग को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

Related posts

दोस्ती बनी दुश्मनी का कारण, 15 वर्षीय किशोर ने 17 साल के साथी की ली जान

उद्धव ठाकरे को लोकसभा में बड़ा झटका! छह सांसदों ने बनाया अलग गुट, शिंदे सेना में विलय की अटकलों से सियासत गरम

BEST कर्मचारियों की आर-पार की लड़ाई, आज से अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान