किराए के मकान में चल रहा था देह व्यापार का अड्डा, महिला सरगना समेत आठ गिरफ्तार

प्रयागराज। कीडगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बार फिर संगठित देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश करते हुए किराए के मकान में संचालित अवैध गतिविधियों पर करारा प्रहार किया है। कर्नलगंज एसीपी के निर्देशन में कीडगंज इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई छापेमारी में महिला सरगना सहित आठ लोगों को मौके से हिरासत में लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में चार महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, मधवापुर मोहल्ले में स्थित इस किराए के मकान में लंबे समय से अवैध धंधा संचालित किया जा रहा था। गिरोह ने गतिविधियों को गोपनीय रखने के लिए मकान के भीतर खुफिया कैमरे भी लगाए थे, ताकि बाहर किसी को भनक न लगे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी इसी क्षेत्र में एक महिला प्रशासनिक अधिकारी के मकान में चल रहे देह व्यापार रैकेट का खुलासा हो चुका है, जहां से चार महिलाएं और पांच युवक आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए थे।

एसीपी कर्नलगंज राजीव यादव ने बताया कि बुधवार को सूचना के आधार पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान मकान के अंदर चार महिलाएं और चार पुरुष मौजूद मिले, जिनमें से कुछ आपत्तिजनक स्थिति में थे। मौके से कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई। सभी आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह की सरगना महिला धूमनगंज क्षेत्र की रहने वाली है। उसी ने करीब 7,000 रुपये मासिक किराए पर मकान लिया था और यहां से लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। स्थानीय लोगों ने कई बार इस मकान में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर पुलिस से शिकायत की थी। ताजा शिकायत के बाद ही यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक, मकान मालिक इसी भवन में परिवार के साथ रहता था, लेकिन उसे इस अवैध कारोबार की जानकारी नहीं थी। आरोपी महिला जब युवतियों और युवकों को लेकर आती थी तो उन्हें अपना रिश्तेदार बताकर शक से बचने की कोशिश करती थी।

एसीपी ने बताया कि पकड़ी गई तीन महिलाएं प्रयागराज की ही रहने वाली हैं, जबकि चारों युवक ग्राहक बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार युवकों की पहचान साहिल, मोईन, गोविंद ओझा और इंद्रजीत के रूप में हुई है, जो शहर के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

Related posts

धार्मिक स्थलों को आरटीआई के दायरे में लाने की उठी मांग, सपा सांसद का बड़ा बयान

सीमा से संकट तक हर चुनौती के लिए तैयार होंगे ‘युवा आपदा मित्र’, राजस्थान में 12 हजार युवाओं की विशेष फौज तैयार

स्कूल प्रवेशोत्सव में बच्चों के बीच पहुंचे एकनाथ शिंदे, पुस्तकों और गुलाब से हुआ नए सत्र का स्वागत