ठाणे। उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ हुए विमान हादसे में जान गंवाने वाली फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माळी का पार्थिव कलवा स्थित उनके नए आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इस दौरान इमारत परिसर में शोक का माहौल पसरा रहा। पड़ोसी, मित्र और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में एकत्र हुए और नम आंखों से पिंकी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पड़ोसियों ने बताया कि पिंकी और उनके पति का स्वभाव बेहद सौम्य और मिलनसार था। “पिछले एक साल से हम साथ रह रहे थे, लेकिन कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि पहचान नई है। पिंकी ने सभी से आत्मीय संबंध बना लिए थे। उनके असमय निधन से पूरी इमारत स्तब्ध है,” एक पड़ोसी ने कहा।
जानकारी के अनुसार, जिला परिषद चुनाव के सिलसिले में अजित पवार बारामती के लिए विमान से रवाना हो रहे थे। इसी उड़ान में पिंकी माळी की फ्लाइट अटेंडेंट के रूप में ड्यूटी लगी थी। उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अजित पवार सहित विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान चली गई।
पिंकी माळी का विवाह दो से ढाई वर्ष पहले सोमविकार सैनी से हुआ था। करीब डेढ़ वर्ष पहले दंपती ने कलवा के रिविएरा सोसायटी में अपना आशियाना बसाया था और बीते एक साल से वहीं रह रहे थे। इसी कारण अंतिम दर्शन के लिए उनका पार्थिव पहले कलवा स्थित घर लाया गया, जहां श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव को मुंबई ले जाया गया।
पड़ोसी मंगेश नवले ने भावुक शब्दों में कहा, “पिंकी का स्वभाव अत्यंत प्रेमळ था। वह हर किसी की कुशलक्षेम पूछती थी और अपने कामकाज से जुड़ी बातें भी साझा करती रहती थी। उनके पति हाल ही में घर के फर्नीचर का काम करवा रहे थे और सब कुछ पिंकी की पसंद के अनुसार तैयार हो रहा था। कुछ ही दिनों में सत्यनारायण पूजा रखने की योजना थी। यह उनके जाने का समय नहीं था। एक हंसती-खेलती बेटी आज हम सबको छोड़कर चली गई।”
पिंकी माली के असमय निधन से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा मोहल्ला गहरे शोक में डूबा हुआ है। उनकी यादें और मुस्कान पड़ोसियों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी।