‘मां बहन’ में तृप्ति डिमरी की कॉमेडी ने जीता दर्शकों का दिल

मुंबई। गंभीर और संवेदनशील भूमिकाओं के लिए पहचानी जाने वाली अभिनेत्री तृप्ति डिमरी अब कॉमेडी के रंग में दर्शकों का दिल जीतती नजर आ रही हैं। बुलबुल और कला जैसी फिल्मों के बाद तृप्ति नेटफ्लिक्स की नई डार्क कॉमेडी फिल्म ‘मां बहन’ में बिल्कुल अलग अवतार में दिखाई देंगी। फिल्म का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है और इसमें उनके साथ माधुरी दीक्षित, रवि किशन और धारणा दुर्गा भी अहम भूमिकाओं में हैं।

फिल्म की कहानी रेखा और उसकी दो बेटियों जया और सुषमा के इर्द-गिर्द घूमती है। मोहल्ले में पहले से ही इन तीनों को लेकर तरह-तरह की बातें होती रहती हैं, लेकिन कहानी तब दिलचस्प मोड़ लेती है, जब उनके किचन में अचानक एक लाश मिल जाती है। इसके बाद मां और दोनों बेटियां मिलकर इस राज को छुपाने की कोशिश करती हैं और यहीं से फिल्म में हास्य और सस्पेंस का तड़का लग जाता है।

तृप्ति डिमरी फिल्म में बड़ी बहन के किरदार में नजर आ रही हैं। उनका किरदार जिम्मेदार होने के साथ-साथ हल्के-फुल्के मज़ाकिया अंदाज़ से भरपूर है। उनकी कॉमिक टाइमिंग और सहज अभिनय को दर्शकों से खूब सराहना मिल रही है। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उनकी तारीफ कर रहे हैं। कोई उन्हें कॉमेडी में “कमाल” बता रहा है तो कोई फिल्म को “मज़ेदार और टाइमपास” कह रहा है। कुछ यूज़र्स ने तो तृप्ति की तुलना दिग्गज अभिनेत्री स्मिता पाटिल से भी कर दी है।

इस पर नेटफ्लिक्स ने भी मज़ेदार अंदाज़ में प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “वो कभी गई ही नहीं!” जिससे फैंस का उत्साह और बढ़ गया। तृप्ति डिमरी हर नई फिल्म के साथ अपने अभिनय का नया पहलू सामने ला रही हैं। गंभीर भूमिकाओं के बाद अब कॉमेडी में भी उनकी मजबूत पकड़ यह साबित करती है कि वह आज की पीढ़ी की सबसे प्रतिभाशाली अभिनेत्रियों में से एक हैं। ‘ओ’ रोमियो’ के बाद ‘मां बहन’ में उनका यह नया अंदाज़ दर्शकों को खूब पसंद आने की उम्मीद है।

Related posts

टीवी और फिल्म जगत को लगा गहरा झटका, अभिनेत्री संचिता उगले का निधन

टीवीएफ का जलवा बरकरार, बॉबी देओल भी हुए मुरीद

चमकते सितारों से गुमनामी तक: भोजपुरी सिनेमा की उन अभिनेत्रियों की कहानी, जिन्हें वक्त ने बदल दिया