आदिवासी गांवों में सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मुहैया कराने की माँग

मुंबई : देश जहां २१ वी सदी में पहुंच चुका है। वहीं मुंबई, थाने, पालघर के अनेक आदिवासी इलाकों में आज भी सड़क से लेकर अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। जिसके कारण आदिवासी पारधी महासंघ मुंबई और नवी मुंबई के अध्यक्ष सन्तोष एकनाथ पवार ने आदिवासी विभाग के मंत्री से आदिवासी इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को मुहैया कराने की माँग की है।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में आदिवासी पारधी महासंघ मुंबई और नवी मुंबई के अध्यक्ष सन्तोष एकनाथ पवार ने बताया की पालघर जिले के जव्हार तालुका में सड़क न होने के कारण समय पर इलाज नहीं मिल पाने से एक 18 वर्षीय युवक की मौत दो दिन पूर्व हो गई।
संतोष एकनाथ जी के अनुसार जव्हार-मोखाडा क्षेत्र के दुर्गम आदिवासी गांवों में आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी है। उन्होंने बताया कि जव्हार तालुका के तिलोंडा (आंबेपाड़ा) स्थित एक दुर्गम आदिवासी गांव में रहने वाले शैलेश मगन वागदड़ा की तबीयत अचानक गंभीर हो गई थी। पर गांव तक पक्की सड़क न होने के कारण एंबुलेंस वहां नहीं पहुंच सकी। इलाज के लिए कोई विकल्प न होने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक ‘डोली’ तैयार की और युवक को अस्पताल ले जाने का फैसला किया।
ग्रामीणों ने शैलेश को डोली में लिटाकर करीब साढ़े तीन से चार किलोमीटर दूर चांभारशेत स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की कोशिश की। रास्ता घने जंगलों, पहाड़ी चढ़ाई और फिसलन भरे कच्चे रास्तों से होकर गुजरता है। तेज धूप और दुर्गम हालात के बीच यह सफर बेहद कठिन था। इलाज में लगातार हो रही देरी के कारण शैलेश की हालत और बिगड़ती चली गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। संतोष एकनाथ पवार के अनुसार महाराष्ट्र में आज भी आदिवासी इलाकों में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। जिसके कारण यहाँ के लोगों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। संतोष एकनाथ पवार ने राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, आदिवासी विभाग के मंत्री से थाने, नवी मुंबई और मानखुर्द में पुलों और सड़कों के किनारे रहने वाले आदिवासी, पारधी समाज के लोगों का पुनर्वसन करने की भी मांग की है।

Related posts

दोस्ती बनी दुश्मनी का कारण, 15 वर्षीय किशोर ने 17 साल के साथी की ली जान

उद्धव ठाकरे को लोकसभा में बड़ा झटका! छह सांसदों ने बनाया अलग गुट, शिंदे सेना में विलय की अटकलों से सियासत गरम

BEST कर्मचारियों की आर-पार की लड़ाई, आज से अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान