एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से खप्परपुर में हड़कंप!


तीन बच्चों की हत्या के बाद दंपति द्वारा आत्महत्या की आशंका, मौके पर पहुंचे आलाधिकारी; जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम


मथुरा। महावन थाना क्षेत्र के गांव खप्परपुर में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि दंपति ने पहले अपने तीन मासूम बच्चों को मौत के घाट उतारा और उसके बाद स्वयं आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच फॉरेंसिक टीम की मदद से की जा रही है।

जानकारी के अनुसार गांव खप्परपुर निवासी मनीष जाटव, उनकी पत्नी सीमा, पांच वर्षीय बेटी हनी, चार वर्षीय प्रियांशी और दो वर्षीय बेटे पंकज के शव सोमवार सुबह उनके घर के अंदर पड़े मिले। सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर पास में रहने वाले मनीष के भाई को शक हुआ। जब वह घर के अंदर पहुंचे तो पांचों को मृत अवस्था में देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस को मौके से एक पर्ची और घर की दीवार पर लिखा एक संदेश मिला है, जिसमें मनीष ने आत्महत्या करने की बात लिखते हुए किसी को परेशान न करने की अपील की है। इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन से एक वीडियो भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने आत्महत्या करने की बात कही है और इसमें किसी अन्य व्यक्ति का दोष न होने की बात कही है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ दिन पहले परिवार ने साढ़े 12 लाख रुपये में जमीन बेची थी और उसका पैसा भी उन्हें मिल चुका था। हालांकि मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस जहर खाने और बच्चों का गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जता रही है। असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

मनीष की शादी करीब आठ साल पहले सादाबाद क्षेत्र के मड़नई गांव की रहने वाली सीमा से हुई थी। उसके दो भाई भी गांव में अलग-अलग मकानों में रहते हैं। मनीष अपनी पत्नी और बच्चों के साथ इसी घर में रहता था। घटना की खबर मिलते ही सीमा के पिता विजेंद्र भी गांव पहुंच गए। उन्होंने बताया कि वह एक दिन पहले ही बेटी और दामाद से मिलकर गए थे और उस समय सब कुछ सामान्य लग रहा था। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि ऐसा दुखद कदम उठाया जाएगा।

ग्रामीणों के अनुसार परिवार शांत स्वभाव का था और किसी से कोई खास विवाद नहीं था। हालांकि बताया जा रहा है कि कुछ समय से मनीष का अपने भाई बिल्लू से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीआईजी शैलेश पांडे, डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आगरा मंडल के कमिश्नर नगेंद्र प्रताप ने भी पोस्टमार्टम गृह पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने घर को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related posts

मध्य रेलवे की यात्री संख्या 137 करोड़ के पार, वातानुकूलित लोकल की मांग बढ़ी

जीरो टॉलरेंस पर सख्त यूपी पुलिस, 50 हजार के इनामिया 54 अपराधियों की सूची जारी

मालाड मालवणी में 118 एकड़ जमीन हस्तांतरित, धारावी के अपात्र निवासियों के लिए बनेंगे 1.5 लाख घर