ब्रेकअप से नाराज़ युवक ने दी आत्मदाह की धमकी, स्टेशन पर मचा हड़कंप

मुंबई के उपनगर में एकतरफा प्रेम से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ब्रेकअप से नाराज़ एक युवक ने युवती को आत्मदाह की धमकी देकर हड़कंप मचा दिया। घटना मुंबई के मुलुंड रेलवे स्टेशन परिसर की है, जहां युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता मुलुंड इलाके में एक दुकान पर सेल्सगर्ल के रूप में काम करती है। उसकी पहचान पहले घाटीपाड़ा क्षेत्र में रहने के दौरान 21 वर्षीय पुरब मनोहर गोरे से हुई थी। वर्ष 2024 में दोनों के बीच संबंध बने, लेकिन लगातार झगड़ों और तनाव के कारण युवती ने दिसंबर 2025 में उससे दूरी बना ली और रिश्ता खत्म कर दिया। इसके बाद से युवक उस पर नजर रखने लगा और उसके आने-जाने के रास्तों पर पीछा करता था।

बताया गया कि बुधवार सुबह जब युवती काम पर जा रही थी, तभी युवक उसकी दुकान के बाहर पहुंच गया और उससे बात करने की कोशिश की। युवती के इनकार करने पर वह जबरन उसका हाथ पकड़कर उसे मुलुंड रेलवे स्टेशन तक ले गया। वहां उसने उसका मोबाइल फोन भी चेक किया और फिर जेब से पेट्रोल से भरी एक बोतल निकालकर अपने ऊपर डाल ली। युवक ने धमकी दी कि अगर वह उससे दोबारा रिश्ता नहीं रखेगी तो वह खुद को आग लगा लेगा।

युवती के जोर से चिल्लाने पर आसपास के लोग जमा होने लगे, जिसे देखकर युवक मौके से फरार हो गया। इस घटना से कुछ देर के लिए स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इसके बाद युवती ने स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और सबूतों के आधार पर युवक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

मध्य रेलवे की यात्री संख्या 137 करोड़ के पार, वातानुकूलित लोकल की मांग बढ़ी

मुंबई के प्रवेश द्वारों को मिलेगा नया स्वरूप, चारों मार्गों पर भव्य गेट और क्लॉक टॉवर बनाने की महापौर रितु तावडे की मांग

मालाड मालवणी में 118 एकड़ जमीन हस्तांतरित, धारावी के अपात्र निवासियों के लिए बनेंगे 1.5 लाख घर