मध्य रेलवे की यात्री संख्या 137 करोड़ के पार, वातानुकूलित लोकल की मांग बढ़ी

मुंबई। मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेन ने 2025-26 वित्तीय वर्ष में यात्री संख्या के नए रिकॉर्ड स्थापित किए हैं। तेज, सस्ती और विश्वसनीय सेवा के कारण मुंबईकर और आसपास के जिले से आने वाले यात्री लोकल ट्रेन का भारी उपयोग कर रहे हैं। मध्य रेलवे के आंकड़ों के अनुसार प्रतिदिन करीब 40 लाख यात्री लोकल सेवा से यात्रा कर रहे हैं। जनवरी 2026 में 12.7 करोड़ से अधिक यात्रियों ने रेलवे का उपयोग किया। अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 के बीच लोकल और लंबी दूरी की ट्रेन सेवाओं के जरिए कुल 137 करोड़ से अधिक यात्रियों ने सफर किया।

मध्य रेलवे ने 2025-26 वित्तीय वर्ष में यात्री संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की है। लोकल और लंबी दूरी की दोनों सेवाओं में स्थिर वृद्धि देखने को मिली है। कुल 137 करोड़ यात्रियों के साथ यह पिछले वर्ष के 134 करोड़ से 1.86 प्रतिशत अधिक है।

लोकल ट्रेन से 120 करोड़ से अधिक यात्रियों ने यात्रा की, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 118 करोड़ थी। मेल, एक्सप्रेस, पैसेंजर और अन्य उपनगरीय गाड़ियों से 17 करोड़ से अधिक यात्रियों ने यात्रा की, जो पिछले वर्ष 16 करोड़ थी।

जनवरी 2026 में 14 करोड़ से अधिक यात्रियों ने मध्य रेलवे का इस्तेमाल किया, जिनमें 12 करोड़ से अधिक यात्रियों ने लोकल ट्रेन और 1.7 करोड़ ने लंबी दूरी की ट्रेन का विकल्प चुना। नेरुल/बेलापुर – उरण सेक्शन में अतिरिक्त सेवाएं शुरू होने और तारघर तथा गव्हाण स्टेशन के लोकार्पण के बाद इस मार्ग पर यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई।

हार्बर मार्ग पर वातानुकूलित लोकल सेवाओं की शुरुआत के केवल 16 दिनों में 6 लाख से अधिक यात्रियों ने इनसे यात्रा की। यह साफ दर्शाता है कि यात्री अब आरामदायक और कुशल रेल सेवा को प्राथमिकता दे रहे हैं।

वर्तमान में मध्य रेलवे मुंबई महानगर क्षेत्र में बढ़ती मांग को देखते हुए 94 वातानुकूलित लोकल सेवाओं सहित कुल 1,820 लोकल गाड़ियां संचालित कर रहा है।

हार्बर मार्ग पर यात्री सुविधा के लिए CSMT – पनवेल के बीच 26 जनवरी से वातानुकूलित लोकल सेवा शुरू हुई। इस दौरान हार्बर मार्ग की 14 सामान्य लोकल सेवाओं को रद्द कर 14 वातानुकूलित लोकल सेवा चालू की गई। वहीं, मध्य रेलवे के मुख्य मार्ग पर 80 वातानुकूलित लोकल ट्रेनें लगातार दौड़ रही हैं। हार्बर मार्ग पर नई सेवाओं के समावेश के बाद कुल 94 वातानुकूलित लोकल गाड़ियां अब सक्रिय हैं।

यह आंकड़ा इस बात का संकेत है कि मुंबई में लोकल ट्रेन अब केवल यातायात का साधन नहीं, बल्कि यात्रियों के लिए आरामदायक और समयबद्ध यात्रा का भरोसेमंद विकल्प बन गई है।

Related posts

मुंबई के प्रवेश द्वारों को मिलेगा नया स्वरूप, चारों मार्गों पर भव्य गेट और क्लॉक टॉवर बनाने की महापौर रितु तावडे की मांग

मालाड मालवणी में 118 एकड़ जमीन हस्तांतरित, धारावी के अपात्र निवासियों के लिए बनेंगे 1.5 लाख घर

धुले में संदिग्ध जहरीला पदार्थ खाने से मां और मासूम की मौत, पांच वर्षीय बेटा गंभीर