मुंबई में रविवार को मध्य रेलवे का मेगाब्लॉक, पश्चिम रेलवे पर शनिवार रात ब्लॉक

मुंबई: मध्य रेलवे के मुंबई मंडल में इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के चलते रविवार को मेगाब्लॉक लिया जाएगा। वहीं पश्चिम रेलवे पर वसई रोड और विरार के बीच शनिवार देर रात ब्लॉक रहेगा। रविवार को पश्चिम रेलवे पर कोई ब्लॉक नहीं होगा।

मध्य रेलवे के मुख्य मार्ग पर मुलुंड और ठाणे के बीच अप और डाउन धीमी लाइन पर सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान सीएसएमटी से सुबह 10:04 से दोपहर 3:09 बजे तक चलने वाली डाउन धीमी लोकल ट्रेनों को मुलुंड–ठाणे के बीच फास्ट लाइन पर चलाया जाएगा और ठाणे स्टेशन पर फिर से धीमी लाइन पर लाया जाएगा। इसी तरह कल्याण से सुबह 10:36 से दोपहर 3:24 बजे तक चलने वाली अप धीमी लोकल ट्रेनों को ठाणे–मुलुंड के बीच फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा।

हार्बर लाइन पर पनवेल और वाशी के बीच (पोर्ट लाइन को छोड़कर) सुबह 11:05 से दोपहर 4:05 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान पनवेल से सीएसएमटी जाने वाली अप हार्बर लोकल सेवाएं सुबह 10:33 से दोपहर 3:49 बजे तक रद्द रहेंगी। वहीं सीएसएमटी से पनवेल जाने वाली डाउन लोकल ट्रेनें सुबह 9:45 से दोपहर 3:12 बजे तक नहीं चलेंगी।

ट्रांस हार्बर लाइन पर भी असर पड़ेगा। पनवेल से ठाणे जाने वाली अप लोकल ट्रेनें सुबह 11:02 से दोपहर 3:53 बजे तक और पनवेल से डाउन दिशा की ट्रेनें सुबह 10:01 से दोपहर 3:20 बजे तक रद्द रहेंगी। हालांकि ब्लॉक के दौरान सीएसएमटी से वाशी के बीच विशेष लोकल चलाई जाएंगी। ठाणे से वाशी और नेरुल के बीच ट्रांस हार्बर सेवा जारी रहेगी। पोर्ट लाइन पर भी ट्रेन सेवा सामान्य रूप से उपलब्ध रहेगी।

उधर पश्चिम रेलवे पर वसई रोड और विरार के बीच अप और डाउन धीमी लाइन पर शनिवार रात 2:10 बजे से तड़के 4:10 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान सभी धीमी लोकल ट्रेनों को फास्ट लाइन पर चलाया जाएगा। बोरीवली और दहिसर के बीच पैदल पुल निर्माण का कार्य किया जाएगा। कुछ लंबी दूरी की ट्रेनें देरी से चल सकती हैं और कुछ लोकल सेवाएं रद्द रहेंगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले समय सारिणी की जानकारी लेने की अपील की है।

Related posts

‘चोरी का पानी, सूखे नल’-कल्याण-डोंबिवली में जल संकट पर बवाल

सरकारी कर्मचारियों के आंदोलन का असर, मुंबई के अस्पतालों में सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित

बारामती उपचुनाव: प्रचार के अंतिम दिन महायुति का शक्ति प्रदर्शन, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुनेत्रा अजित पवार के लिए मांगा समर्थन