टी20 विश्व कप 2026 : भारत बना चैंपियन, न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर रचा इतिहास

अहमदाबाद। भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से पराजित कर तिरंगा लहराया। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई।

इस जीत के साथ ही भारत ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां अपने नाम कर लीं। टीम इंडिया टी20 विश्व कप तीन बार जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। इससे पहले भारत ने 2007 में महेंद्र सिंह धोनी और 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में यह खिताब जीता था। साथ ही भारत टूर्नामेंट के 19 साल के इतिहास में पहली बार खिताब का सफल बचाव करने वाली टीम भी बन गया है। खास बात यह रही कि भारत अपने ही मेजबानी में यह टूर्नामेंट जीतने वाला पहला देश भी बन गया।

बुमराह की घातक गेंदबाजी से ढही कीवी टीम

256 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के प्रमुख बल्लेबाज जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गए। सेमीफाइनल में शतक जड़ने वाले फिन एलन मात्र 9 रन बनाकर आउट हो गए। रचिन रविंद्र (1), ग्लेन फिलिप्स (5) और मार्क चैपमैन (3) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। न्यूजीलैंड की आधी टीम 72 रन के भीतर ही सिमट गई।

कीवी टीम की ओर से ओपनर टिम सीफर्ट ने सबसे अधिक 52 रन बनाए। उन्होंने 26 गेंदों में दो चौके और पांच छक्के लगाए। इसके अलावा कप्तान मिचेल सैंटनर ने 38 रन और डेरिल मिचेल ने 17 रन का योगदान दिया, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके।

भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में मात्र 15 रन देकर चार विकेट झटके। अक्षर पटेल ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट लेकर न्यूजीलैंड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

अभिषेक और सैमसन की तूफानी बल्लेबाजी

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की। ओपनर अभिषेक शर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल थे।

वहीं संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रन बनाए और शतक से केवल 11 रन दूर रह गए। उनकी इस पारी में पांच चौके और आठ छक्के शामिल थे। सैमसन ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर आलोचकों को करारा जवाब दिया।

ईशान-सैमसन की शतकीय साझेदारी

अभिषेक के आउट होने के बाद ईशान किशन ने रनगति को बरकरार रखा। उन्होंने 25 गेंदों में 54 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। सैमसन और ईशान के बीच दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 105 रन की शानदार साझेदारी हुई, जिसने भारत को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने आठ गेंदों में 26 रन की तेज पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा 8 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से जिमी नीशम ने तीन विकेट लिए, लेकिन तब तक भारत मजबूत स्कोर खड़ा कर चुका था।

कुल मिलाकर भारतीय टीम ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और रणनीति—तीनों क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को एकतरफा मुकाबले में मात दी और टी20 विश्व कप 2026 का ताज अपने नाम कर लिया।

Related posts

‘चोरी का पानी, सूखे नल’-कल्याण-डोंबिवली में जल संकट पर बवाल

सरकारी कर्मचारियों के आंदोलन का असर, मुंबई के अस्पतालों में सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित

बारामती उपचुनाव: प्रचार के अंतिम दिन महायुति का शक्ति प्रदर्शन, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुनेत्रा अजित पवार के लिए मांगा समर्थन