गैस संकट की आंच: मुंबई के 50 प्रतिशत होटल बंद होने की कगार पर

मुंबई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़े तनाव का असर अब मुंबई के होटल उद्योग पर भी दिखाई देने लगा है। ईरान और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष के कारण गैस आपूर्ति शृंखला प्रभावित हो गई है, जिसके चलते व्यावसायिक उपयोग के गैस सिलेंडरों की उपलब्धता में भारी कमी आ गई है। इसका सीधा असर शहर के होटल और रेस्तरां व्यवसाय पर पड़ा है। गैस की कमी के कारण पिछले दो दिनों में मुंबई के करीब 20 प्रतिशत होटलों को अपने प्रतिष्ठान बंद करने पड़े हैं।

होटल कारोबार से जुड़े संगठनों का कहना है कि यदि यही स्थिति अगले दो-तीन दिनों तक बनी रही तो शहर के लगभग आधे होटल बंद हो सकते हैं। इससे न केवल होटल उद्योग को आर्थिक नुकसान होगा, बल्कि रोजमर्रा के भोजन के लिए होटलों और रेस्तरां पर निर्भर रहने वाले लाखों लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर वैश्विक आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ रहा है। हवाई और समुद्री परिवहन पहले से ही प्रभावित हैं, जिससे ऊर्जा संसाधनों की आपूर्ति में बाधा आई है। इसी का परिणाम है कि देश में व्यावसायिक गैस की उपलब्धता कम होती जा रही है और बाजार में इसकी कमी महसूस की जा रही है।

होटल और रेस्तरां से जुड़े संगठनों का आरोप है कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की बिक्री और वितरण लगभग ठप हो गया है। हालांकि सरकारी स्तर पर यह दावा किया जा रहा है कि गैस की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन होटल संचालकों का कहना है कि जमीनी स्तर पर स्थिति बिल्कुल अलग है और उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। वितरकों का कहना है कि 5 मार्च को जारी एक सरकारी आदेश के कारण व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति रोक दी गई है। ऐसे में होटल संगठनों ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है, ताकि स्थिति सामान्य हो सके।

ऑनलाइन बुकिंग भी ठप
गैस संकट का असर आम उपभोक्ताओं पर भी पड़ने लगा है। मुंबई में कई ग्राहकों को ऑनलाइन गैस सिलेंडर बुकिंग करने में दिक्कतें आ रही हैं। जब उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग का प्रयास करते हैं तो सिस्टम अनुरोध स्वीकार नहीं करता और “तकनीकी कारणों से आपकी मांग दर्ज नहीं की जा सकती” जैसा संदेश दिखाई देता है। कंपनियों की ओर से यह दावा किया जा रहा है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है, लेकिन बुकिंग न हो पाने से ग्राहकों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई है।

आधे होटल बंद होने का खतरा

होटल और रेस्तरां एसोसिएशन ‘आहार’ ने आशंका जताई है कि यदि गैस आपूर्ति जल्द बहाल नहीं हुई तो अगले दो दिनों में मुंबई के करीब 50 प्रतिशत होटल बंद हो सकते हैं। हालांकि एसोसिएशन की ओर से सामूहिक रूप से होटल बंद करने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। फिलहाल हर होटल मालिक अपने यहां उपलब्ध गैस की स्थिति के आधार पर प्रतिष्ठान खोलने या अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला कर रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो यह संकट न केवल होटल उद्योग बल्कि शहर की दैनिक जीवन व्यवस्था को भी प्रभावित कर सकता है।

Related posts

‘चोरी का पानी, सूखे नल’-कल्याण-डोंबिवली में जल संकट पर बवाल

सरकारी कर्मचारियों के आंदोलन का असर, मुंबई के अस्पतालों में सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित

बारामती उपचुनाव: प्रचार के अंतिम दिन महायुति का शक्ति प्रदर्शन, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुनेत्रा अजित पवार के लिए मांगा समर्थन