लखनऊ। राजधानी के चौक थाना क्षेत्र में चार साल के मासूम की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए बच्चे के पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए कई सामान भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक 13 मार्च 2026 को सहजनगर, जनपद उन्नाव निवासी सुधा कश्यप ने सूचना दी कि उनका चार वर्षीय नाती अर्नव खरबन्दा अपने पिता के घर से लापता है। सूचना मिलने के बाद जब परिजन लाजपत नगर स्थित मकान पर पहुंचे तो बच्चे का शव कमरे में पड़ा मिला।
मृतक के शरीर पर चोट और जलने के निशान मिले, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। इसके बाद चौक थाने में मुकदमा संख्या 040/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 14 मार्च 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे नेहरू युवा केंद्र के पास से बच्चे के पिता भीम खरबन्दा और उसकी पत्नी रानी खरबन्दा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों लाजपत नगर, थाना चौक के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई आरी, वायर, तेज धार चाकू, स्केल, बेल्ट और रस्सी बरामद की है।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा और उपनिरीक्षक जयकृष्ण द्विवेदी भी शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।