डोंबिवली। कल्याण, डोंबिवली और उल्हासनगर क्षेत्र में बंद घरों, दुकानों और होटलों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी करने वाले शातिर चोर को मानपाडा पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का एक साथी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। इस कार्रवाई की खास बात यह रही कि पुलिस ने 95 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंच बनाई।
पिछले कुछ समय से इन इलाकों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। खासकर रात के समय सुनसान पड़े घरों, दुकानों और मुख्य सड़कों पर स्थित होटलों को निशाना बनाया जा रहा था। चोर शटर तोड़कर अंदर घुसते और नकदी, सोने के गहने तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे।
इसी कड़ी में पिछले सप्ताह कल्याण पूर्व के नेतिवली नाका इलाके में होटल मालिक मोमीन शेख के होटल में चोरी की वारदात हुई थी। देर रात चोरों ने होटल का शटर तोड़कर अंदर रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद मोमीन शेख ने मानपाडा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने होटल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक देर रात होटल में घुसते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने नेतिवली से लेकर उल्हासनगर के राहुलनगर तक के मार्ग पर लगे कुल 95 सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज से स्पष्ट हुआ कि वही युवक चोरी के बाद इसी रास्ते से उल्हासनगर की ओर गया।
तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान उल्हासनगर निवासी अनिल संजू रूपवते (20) के रूप में की। उसकी तलाश के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह कल्याण पूर्व के चक्कीनाका इलाके में आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने जाल बिछाया और शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी संजू किसन वाघरी के साथ मिलकर अंबरनाथ, उल्हासनगर, कल्याण और डोंबिवली क्षेत्रों में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की। जांच में उसके खिलाफ सात मामलों की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से दो लाख रुपये से अधिक मूल्य के 12 मोबाइल फोन, एक दोपहिया वाहन और नकदी बरामद की है। अधिकारियों का मानना है कि आगे की पूछताछ में और भी मामलों का खुलासा हो सकता है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त अतुल झेंडे और सहायक पुलिस आयुक्त सुहास हेमाडे के मार्गदर्शन में की गई। मानपाडा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीपान शिंदे और उनकी टीम ने इस पूरे ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। फिलहाल न्यायालय ने आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।