मुंबई में दर्दनाक हादसा: ड्रेनेज टैंक में जहरीली गैस से एक नाबालिग की मौत, दूसरा गंभीर


मुंबई के व्यस्त ज़वेरी बाजार स्थित तेल गली में शुक्रवार आधी रात एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक घटना सामने आई, जिसने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और बाल श्रम को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ड्रेनेज लाइन की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो नाबालिग भाई बेहोश हो गए, जिनमें से 14 वर्षीय मुनील नायक की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय अनिल नायक की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों भाई ड्रेनेज टैंक में जमा गाद निकालने के लिए नीचे उतरे थे। यह काम बेहद खतरनाक माना जाता है, लेकिन मौके पर न तो किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था थी और न ही निगरानी। अनुमान है कि दोनों काफी देर तक टैंक के भीतर बेहोश पड़े रहे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। एक राहगीर की नजर पड़ने के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को बाहर निकाला और टैक्सी के जरिए जीटी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मुनील को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनिल को तुरंत आईसीयू में भर्ती किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, जहरीली गैस के कारण उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
परिवार ने आरोप लगाया है कि दोनों बच्चों को उनके बड़े भाई ने जबरन इस काम के लिए टैंक में उतारा था। पिता कीर्ति नायक का कहना है कि वे वर्षों से कचरे और गंदे पानी से सोना निकालने का काम करते हैं और बच्चे भी इसी काम में लगे थे।
यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि आखिरकार नाबालिगों से इस तरह के खतरनाक कार्य क्यों कराए जा रहे हैं और संबंधित एजेंसियां सुरक्षा मानकों के पालन में क्यों विफल हो रही हैं। स्थानीय प्रशासन से मामले की जांच और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

Related posts

‘चोरी का पानी, सूखे नल’-कल्याण-डोंबिवली में जल संकट पर बवाल

सरकारी कर्मचारियों के आंदोलन का असर, मुंबई के अस्पतालों में सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित

बारामती उपचुनाव: प्रचार के अंतिम दिन महायुति का शक्ति प्रदर्शन, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुनेत्रा अजित पवार के लिए मांगा समर्थन