मुंबई महानगर में बच्चों के लापता होने की बढ़ती घटनाओं के बीच मालवणी इलाके से एक और चिंताजनक मामला सामने आया है। मलाड पश्चिम स्थित मालवणी गेट नंबर-6 परिसर से 11 मई की रात आठवीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र अनंत यादव अचानक लापता हो गया। घर के बाहर खेलने निकला मासूम देर रात तक वापस नहीं लौटा तो परिवार में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि लापता होने के समय अनंत ने हरे रंग की टी-शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने तुरंत मालवणी पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है।
अनंत यादव, उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद स्थित बदलापुर तहसील के वीरपालपुर गांव का मूल निवासी है। रोजमर्रा की जिंदगी और बेहतर भविष्य की तलाश में परिवार मुंबई में रह रहा था, लेकिन अब बेटे के अचानक गायब हो जाने से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। घर का माहौल मातम में बदल गया है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि रिश्तेदार और पड़ोसी लगातार बच्चे की तलाश में जुटे हुए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि महानगर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बीते कुछ समय से नाबालिगों के गायब होने की घटनाओं में लगातार इजाफा देखा जा रहा है, जिससे अभिभावकों में डर और चिंता का माहौल बन गया है।
परिजनों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को अनंत यादव के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत मोबाइल नंबर 9892196266, 8299806606 या 9936331177 पर संपर्क करें। पुलिस का कहना है कि बच्चे की तलाश के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं और हर संभावित पहलू पर जांच जारी है।