प्रयागराज में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता की हत्या कर शव खेत में दफनाने का आरोप, बेटा गिरफ्तार

प्रयागराज (संगम नगरी)। यूपी के गंगानगर जोन अंतर्गत उतरांव थाना क्षेत्र के सीठोली गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक बेटे पर अपने ही पिता की हत्या कर शव को घर के पीछे खेत में गड्ढा खोदकर दफनाने का गंभीर आरोप लगा है। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब आरोपी को बार-बार उसी स्थान पर मिट्टी डालते हुए परिजनों ने देख लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, सीठोली गांव निवासी 60 वर्षीय दयाराम यादव खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। आरोप है कि उनके सबसे छोटे बेटे विजय कुमार ने दो दिन पहले किसी विवाद के चलते लाठी-डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर के पीछे स्थित खेत में गड्ढा खोदकर छिपा दिया गया।

घटना का खुलासा बुधवार को हुआ जब आरोपी विजय कुमार संदिग्ध स्थिति में उसी स्थान पर दोबारा मिट्टी डाल रहा था। इस दौरान उसके चचेरे भाई को गतिविधियां संदिग्ध लगीं। शक गहराने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, जिसमें उसने कथित तौर पर अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिता द्वारा खाने-पीने को लेकर उपेक्षा किए जाने से नाराज था। उसका आरोप है कि उसे कई बार केवल नमक-रोटी दी जाती थी और कभी-कभी उसे भोजन भी नहीं मिलता था। इसी कथित नाराजगी और तनाव में आकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खेत की खुदाई कर शव को बरामद कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है और लोग स्तब्ध हैं।

इधर, जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक के परिवार में पहले से ही तनावपूर्ण माहौल था। मृतक का एक अन्य पुत्र पहले से हत्या के मामले में जेल में बंद है, जबकि बड़ा पुत्र परिवार सहित बाहर रहता है। मृतक की पत्नी गंभीर बीमारी (पैरालिसिस) से पीड़ित बताई जा रही हैं, जिससे परिवार की स्थिति और भी जटिल हो गई थी।

थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय ने कहा कि मामला गंभीर है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई तय की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है, क्योंकि प्रारंभिक तौर पर वह मानसिक रूप से असंतुलित प्रतीत हो रहा है। मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और ग्रामीण इस घटना को लेकर सदमे में हैं।

Related posts

मुंबई एयरपोर्ट पर ‘ऑपरेशन गोल्डन ड्रॉप’,ट्रांजिट यात्रियों के जरिए हो रही थी सोना तस्करी, डीआरआई ने 4.8 करोड़ का विदेशी सोना जब्त किया

‘जहां देवालय, वहां विद्यालय’ : डूंगरपुर में संस्कार और शिक्षा का नया संगम

समुद्र सफाई में बीएमसी की हाईटेक पहल, गेटवे ऑफ इंडिया और बधवार पार्क में उतारी गई मानव रहित इलेक्ट्रिक बोट, रोजाना 90 किलो तक तैरता कचरा हो रहा साफ