
मुंबई। हिंदी सिनेमा की चर्चित जोड़ी अक्षय कुमार और प्रियदर्शन एक बार फिर फिल्म भूत बंगला के जरिए बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाली है। करीब 14 साल बाद दोनों की वापसी ने दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ा दिया है। कॉमेडी फिल्मों में अपनी खास पहचान बना चुकी यह जोड़ी पहले भी कई सुपरहिट और कल्ट क्लासिक फिल्में दे चुकी है।
Balaji Motion Pictures के सहयोग से बनी यह फिल्म 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है और माना जा रहा है कि यह जोड़ी एक बार फिर अपने पुराने कॉमिक अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करेगी।
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की फिल्मों के कई डायलॉग्स आज भी पॉप कल्चर का हिस्सा बने हुए हैं। सोशल मीडिया से लेकर रोजमर्रा की बातचीत तक, इनकी पंचलाइन आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय हैं। फिल्म रिलीज से पहले दर्शकों को उनकी कुछ यादगार लाइनों की याद फिर ताजा हो गई है।
सबसे पहले 2000 में आई फिल्म हेरा फेरी का डायलॉग “औरत का चक्कर, बाबू भैया… औरत का चक्कर” आज भी लोगों के बीच खूब दोहराया जाता है। वहीं भागम भाग का “बहन डर गई, बहन डर गई” कॉमिक सीन के साथ दर्शकों को आज भी हंसा देता है।
इसके अलावा दे दना दन का “देने वाला जब भी देता है… सब कुछ फाड़ देता है” और खट्टा मीठा की लाइन “इतनी बेइज्जती… मैं तो ना सहता” भी सोशल मीडिया पर लंबे समय से लोकप्रिय बनी हुई हैं। वहीं हॉरर-कॉमेडी फिल्म भूल भुलैया का डायलॉग “क्या हुआ, खत्म नहीं हुआ क्या? नायग्रा फॉल है क्या?” आज भी मीम्स और मजाक का हिस्सा बना हुआ है।
ऐसे में दर्शकों को उम्मीद है कि ‘भूत बंगला’ में भी इसी तरह के नए और मजेदार वन-लाइनर्स देखने को मिलेंगे, जो रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो सकते हैं। मनोरंजन जगत में यह फिल्म इस साल की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी रिलीज में शामिल मानी जा रही है।