
मुंबई : अंधेरी पश्चिम स्थित कंट्री क्लब में ‘यदु यादव कोश’ पत्रिका के 21वें अंक का विमोचन और सम्मान समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनआगाज फाउंडेशन के अध्यक्ष तथा शिवसेना (उबाठा) उत्तर-पश्चिम जिला संगठक अजय यादव ने की। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और सम्मान से हुई। इसके बाद सभी प्रमुख अतिथियों ने सामूहिक रूप से ‘यदु यादव कोश’ पत्रिका का विमोचन किया। समारोह में पूर्व भाजपा नगरसेवक कमलेश यादव, शिवसेना नगरसेविका रेखा राम यादव, भाजपा नगरसेविका रेखा रामकृपाल यादव, आकाश डिग्री कॉलेज के चेयरमैन राजकुमार यादव, ट्रांसपोर्ट व्यवसायी घरभरन यादव, समाजसेवी यशवंत यादव, भाजपा नेता नरेंद्र सिंह यादव, उद्योगपति लल्लन जी यादव, खुशी इंटरप्राइजेज के सीएमडी धर्मेंद्र यादव, समाजसेवी राम भरत यादव, डॉ. मोनिका यादव और उद्योगपति सुनील विक्रमजीत यादव सहित मुंबई, रायगढ़, ठाणे, पालघर और नासिक से बड़ी संख्या में यदुवंशी समाज के लोग शामिल हुए।
पत्रिका के संपादक एस.एन. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि ‘यदु यादव कोश’ पिछले 21 वर्षों से समाज को जोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इस पत्रिका के माध्यम से समाज के लोगों का आपसी परिचय बढ़ा है और कई परिवारों में वैवाहिक संबंध भी स्थापित हुए हैं। उनके अनुसार यह पत्रिका केवल एक प्रकाशन नहीं, बल्कि समाज को एक मंच पर जोड़ने का सशक्त माध्यम बन चुकी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अजय यादव ने कहा कि मुंबई में यदुवंशी समाज ने जो सम्मान और पहचान बनाई है, वह हमारे पूर्वजों की मेहनत और संस्कारों का परिणाम है। उन्होंने नई पीढ़ी को सही दिशा देने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर उनके माता-पिता ने उन पर अपनी इच्छा थोपी होती, तो आज दुनिया उन्हें नहीं जानती।
पूर्व भाजपा नगरसेवक कमलेश यादव ने कहा कि ऐसी सामाजिक पत्रिकाएं समाज को एकजुट रखने और युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं। वहीं आकाश डिग्री कॉलेज के चेयरमैन राजकुमार यादव ने शिक्षा को समाज की असली ताकत बताते हुए युवाओं से उच्च शिक्षा प्राप्त करने और समाज के विकास में योगदान देने की अपील की।
इस अवसर पर वाराणसी से आए बिरहा गायक पप्पू यादव ने अपने लोकगीतों से कार्यक्रम में रंग जमा दिया और उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले अनेक समाजसेवियों और गणमान्य लोगों का सम्मान भी किया गया। समारोह का संचालन एल.एस. यादव लल्लन ने किया। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया और यदुवंशी समाज की एकता का संदेश दिया।