Home ताजा खबरनासिक में दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

नासिक में दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

by trilokvivechana
0 comments

नासिक: महाराष्ट्र के Nashik जिले में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसमें एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा नासिक से करीब 40 किलोमीटर दूर दिंडोरी तालुका के शिवाजीनगर क्षेत्र में रात लगभग 11:30 बजे हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे कुएं में जा गिरी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदौरे गांव का दरगोड़े परिवार दिंडोरी के शिवाजीनगर स्थित एक समारोह में शामिल होने आया था। राजे बैंक्वेट हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम के बाद सभी सदस्य एक मारुति एक्सएल कार से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे कुएं में जा गिरी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, नगर पंचायत की अग्निशमन दल, आपदा प्रबंधन की टीम और समाजसेवी तुरंत मौके पर पहुंच गए। लेकिन कुएं में पानी भरा होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अंधेरे और गहराई के कारण अभियान और चुनौतीपूर्ण हो गया। आधी रात के बाद दो क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया।

बचाव दल ने कार से 9 शव बरामद किए। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सुनील दत्तात्रेय दरगोड़े (34), उनकी पत्नी रेशमा दरगोड़े (30), बेटी राखी उर्फ गुणवंती (10), भतीजी माधुरी दरगोड़े (13), श्रवणी दरगोड़े (11), आशा दरगोड़े (32), उनके बेटे श्रेयश (11), बेटी सृष्टि (14) और भतीजी समृद्धि (7) के रूप में हुई है। एक अन्य लड़की के कुएं में डूबने की आशंका को लेकर विशेष तलाशी अभियान भी चलाया गया।

इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। एक ही परिवार के इतने लोगों की एक साथ मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग और प्रशासन इस त्रासदी से स्तब्ध हैं।

दिंडोरी पुलिस ने इस मामले में दुर्घटना का प्रकरण दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि सड़क सुरक्षा और ऐसे खतरनाक स्थलों की पहचान कर भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की आवश्यकता को उजागर करता है।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00