Home ताजा खबरचांदिवली में BJP को झटका, प्रदीप बंड शिवसेना शिंदे गुट में शामिल

चांदिवली में BJP को झटका, प्रदीप बंड शिवसेना शिंदे गुट में शामिल

by trilokvivechana
0 comments


उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मार्गदर्शन में लिया फैसला, विधायक दिलीप मामा लांडे रहे मौजूद
उत्तर भारतीय समाज में मजबूत पकड़ रखने वाले नेता के कदम से बदले सियासी समीकरण
मुंबई
| के चांदिवली विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका देते हुए वार्ड क्रमांक 161 के वरिष्ठ नेता और समाजसेवक प्रदीप बंड ने गुरुवार को अपने समर्थकों के साथ शिवसेना के शिंदे गुट का दामन थाम लिया। यह शामिल होना उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मार्गदर्शन में और स्थानीय विधायक दिलीप मामा लांडे के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसे क्षेत्र की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
प्रदीप बंड अब तक वार्ड क्रमांक 161 में भाजपा के अध्यक्ष पद पर कार्यरत थे और संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती थी। जमीनी स्तर पर सक्रियता और जनसंपर्क के चलते वे कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के बीच एक प्रभावशाली चेहरा बने हुए थे। उनके इस कदम को आगामी चुनावों से पहले स्थानीय राजनीतिक समीकरणों में बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
समाजसेवा के क्षेत्र में भी प्रदीप बंड की पहचान खास रही है। वे समय-समय पर अपने कार्यालय में चिकित्सा शिविर, नेत्र जांच शिविर और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करते रहे हैं। इसके अलावा जरूरतमंद और बीमार मरीजों के इलाज के लिए अस्पतालों में व्यक्तिगत स्तर पर सहयोग करना उनकी कार्यशैली का अहम हिस्सा रहा है। यही कारण है कि आम जनता में उनकी एक भरोसेमंद और सक्रिय नेता की छवि बनी हुई है।
शिवसेना शिंदे गुट में शामिल होने के बाद प्रदीप बंड को बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने शुभकामनाएं दीं। खासतौर पर उत्तर भारतीय समाज के लोगों ने उनके इस फैसले का स्वागत किया और उनके राजनीतिक भविष्य के लिए समर्थन जताया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बंड जैसे जमीनी नेता का पाला बदलना चांदिवली क्षेत्र में शक्ति संतुलन को प्रभावित कर सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में उनका यह फैसला किस तरह स्थानीय राजनीति और चुनावी रणनीतियों को प्रभावित करता है।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00