Home राजनीतिराज्यउत्तर प्रदेशबड़ागांव क्षेत्र में चोरी की वारदातों से दहशत, बंद मकान बन रहे आसान निशाना

बड़ागांव क्षेत्र में चोरी की वारदातों से दहशत, बंद मकान बन रहे आसान निशाना

by trilokvivechana
0 comments

वाराणसी: जनपद के बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चंगवार, तेलारी, विराव, सिसवां और मधुमखिया में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बंद मकानों के ताले और दरवाजे तोड़कर, यहां तक कि छत के रास्ते घुसकर चोर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बड़ागांव थाना पुलिस शिकायत दर्ज करने में भी टालमटोल करती है। कई मामलों में पीड़ितों को भारी मशक्कत के बाद रिपोर्ट लिखवाने का मौका मिलता है। इसके बाद भी मौके का निरीक्षण कर पुलिस शिकायतकर्ताओं से ही सीसीटीवी न लगाने या मकान बंद रखने जैसे सवाल कर उन्हें परेशान करती है, जबकि कार्रवाई के नाम पर ठोस परिणाम सामने नहीं आ रहे हैं।

तेलारी गांव निवासी और पुलिस विभाग में कार्यरत विशाल सरोज के मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों की संपत्ति ले गए। उनकी तहरीर पर कुछ संदिग्धों को पकड़ा भी गया, लेकिन आरोप है कि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

इसी तरह चंगवार गांव के रिटायर शिक्षक शोभनाथ महानंद पांडे के घर में दो माह के भीतर दो बार चोरी हुई। सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, कपड़े और अनाज सहित लाखों का सामान चोरी हो गया। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपियों की तस्वीर और आवाज भी कैद हुई, जिसका फुटेज पुलिस को सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

चंगवार में ज्वाला पांडेय और सुशील गुलाब पांडे के घरों में भी बड़ी चोरी की घटनाएं सामने आईं। सुशील पांडे के घर में चोर छत के रास्ते घुसे और कई कमरों के ताले तोड़कर तिजोरी, लॉकर और पेटियों से कीमती सामान उड़ा ले गए।

पीड़ितों का कहना है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद कार्रवाई धीमी रही। कई मामलों में एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई, जबकि कुछ मामलों को एक साथ जोड़कर जांच की बात कहकर टाल दिया गया।

लगातार हो रही वारदातों से नाराज ग्रामीण अब उच्च अधिकारियों से शिकायत करने और आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00