
झुंझुनू के रसूलपुर गांव में पारिवारिक विवाद बना हत्या का कारण, आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
झुंझुनू | राजस्थान के झुंझुनू जिले के रसूलपुर गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली दर्दनाक वारदात सामने आई है। चचेरे भाइयों के घर आने-जाने को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने बड़े भाई को ट्रैक्टर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक अनूप (35) दिल्ली की एक लोहे की कंपनी में कार्यरत था और कुछ दिन पहले ही छुट्टियों पर अपने गांव आया हुआ था। बताया जा रहा है कि अनूप का अपने चचेरे भाइयों से मेलजोल छोटे भाई अजीत को पसंद नहीं था, जिसे लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था।
घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे की है। अनूप चचेरे भाई के घर खाना खाने के बाद अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ते ही मामला हिंसक हो गया और आरोप है कि छोटे भाई अजीत ने गुस्से में आकर ट्रैक्टर से अनूप को कुचल दिया।
इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे चचेरे भाई कृष्ण कुमार पर भी आरोपी ने पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। घटना के बाद आरोपी अजीत मौके से फरार हो गया।
परिजन गंभीर रूप से घायल अनूप को तुरंत पचेरीकलां के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे बुहाना के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पंचेरीकलां थाना अधिकारी बनवारी लाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।
परिजनों के अनुसार, अनूप दिल्ली में काम करता था और उसका अपनी पत्नी से कोई संतान नहीं थी। उसके पिता का भी कुछ समय पहले हार्ट अटैक से निधन हो चुका था। वहीं आरोपी अजीत गांव में खेती-बाड़ी का काम करता है और शादीशुदा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, अनूप के घर आने और रिश्तेदारों से मिलने-जुलने को लेकर अजीत लंबे समय से नाराज था, जो इस खौफनाक वारदात का कारण बना।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।