
‘सपने वर्सेस एवरीवन’ की सफलता ने रचा नया इतिहास, वैश्विक मंच पर चमका भारतीय कंटेंट
मुंबई। भारतीय ओटीटी और डिजिटल मनोरंजन की दुनिया में ‘द वायरल फीवर’ (टीवीएफ) लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। अपनी यथार्थवादी कहानियों और दर्शकों से सीधे जुड़ने वाले कंटेंट के दम पर टीवीएफ ने न केवल देश में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी मजबूत पहचान बनाई है। हाल ही में अभिनेता Bobby Deol ने टीवीएफ के चर्चित शो ‘सपने वर्सेस एवरीवन’ की खुलकर सराहना करते हुए इसकी लेखन शैली और प्रस्तुति को असाधारण बताया।
बॉबी देओल ने शो के निर्माता और लेखक अंबरीश वर्मा के काम की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सीरीज कंटेंट की गुणवत्ता के मामले में एक अलग ही स्तर पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि संघर्ष से सफलता तक का सफर तय करने वाले नए प्रतिभाशाली रचनाकारों को आगे बढ़ते देखना प्रेरणादायक है।
टीवीएफ की उपलब्धियां केवल प्रशंसा तक सीमित नहीं हैं। ‘सपने वर्सेस एवरीवन’ को वैश्विक स्तर पर बड़ी पहचान मिली है और यह आईएमडीबी की प्रतिष्ठित टॉप-250 टीवी शोज़ सूची में शामिल हो चुका है। इसके अलावा ‘पंचायत’, ‘गुल्लक’, ‘कोटा फैक्ट्री’, ‘एस्पिरेंट्स’, ‘टीवीएफ पिचर्स’ और ‘ये मेरी फैमिली’ जैसे शो भी अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के बीच लोकप्रियता हासिल कर चुके हैं।
मनोरंजन जगत में टीवीएफ की बढ़ती ताकत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसके कई शो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित बड़े प्रोजेक्ट्स को भी लोकप्रियता के मामले में चुनौती दे रहे हैं। दर्शकों के बीच इसकी विश्वसनीयता और मजबूत हुई है।
हाल ही में आयोजित ‘प्राइम वीडियो प्रेजेंट्स’ कार्यक्रम में भी टीवीएफ ने अपने आगामी प्रोजेक्ट्स की घोषणा कर सुर्खियां बटोरीं। नई फिल्में, वेब सीरीज और लोकप्रिय शोज़ के नए सीजन की घोषणाओं ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। मनोरंजन विशेषज्ञों का मानना है कि टीवीएफ आज भारतीय डिजिटल कंटेंट उद्योग का सबसे प्रभावशाली और भरोसेमंद ब्रांड बनकर उभरा है।