
जलगांव। महाराष्ट्र के जलगांव जिले में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। वरणगांव के समीप मुंबई-नागपुर हाईवे बाईपास पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार और मातम का माहौल देखने को मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मलकापुर निवासी आदिवासी पारधी समाज के चार सदस्य दोपहिया वाहन से वरणगांव की ओर लस्सी पीने जा रहे थे। परिवार के लोग हंसी-खुशी घर से निकले थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि कुछ ही देर में यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। वरणगांव के पास सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार सभी लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को जिला सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चौथे घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में विजय शंकर काले (19), ऐश्वर्या बहादुर भोसले (30), विघ्नेश शंकर चव्हाण (14) और एक वर्षीय मोनालिसा शिवबसप्पा भोसले की मौत हो गई।
चार-चार परिजनों की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में रिश्तेदारों और परिचितों की भारी भीड़ जमा हो गई। रोते-बिलखते परिजनों की चीखें सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पूरे इलाके में मातम का माहौल है।
दूसरी ओर, दुर्घटना का कारण बनी स्कॉर्पियो का चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। मृतकों के परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एक पल की लापरवाही और तेज रफ्तार ने एक ही परिवार की चार जिंदगियां छीन लीं। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरों पर बड़ा सवाल खड़ा कर गया है।