Home ताजा खबरदोस्ती बनी दुश्मनी का कारण, 15 वर्षीय किशोर ने 17 साल के साथी की ली जान

दोस्ती बनी दुश्मनी का कारण, 15 वर्षीय किशोर ने 17 साल के साथी की ली जान

by trilokvivechana
0 comments

इलाज के दौरान सायन अस्पताल में हुई मौत, हत्या के आरोप में नाबालिग गिरफ्तार

मुंबई। एंटॉप हिल इलाके में दोस्ती का रिश्ता खूनी अंजाम तक पहुंच गया। महज 15 वर्षीय एक किशोर पर अपने 17 वर्षीय दोस्त की हत्या करने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल पीड़ित ने चार दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष किया, लेकिन आखिरकार सायन अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद हत्या के प्रयास का मामला हत्या में तब्दील कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, यह वारदात 12 जून की तड़के करीब दो बजे मक्कावाड़ी जंक्शन के पास हुई थी। घटना के बाद घायल किशोर को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुरुआती जांच में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, लेकिन 16 जून को पीड़ित की मौत के बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए मामले को हत्या के रूप में दर्ज कर लिया गया।

एंटॉप हिल पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक आपस में दोस्त थे। दोनों पहले एक अन्य हत्या के प्रयास के मामले में डोंगरी स्थित चिल्ड्रन्स होम में भी साथ रह चुके थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद और तनाव पैदा हुआ था, जिसकी पृष्ठभूमि को पुलिस इस हत्या का संभावित कारण मानकर जांच कर रही है।

एंटॉप हिल पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ने बताया कि आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। यदि किसी और की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले की जांच के दौरान आरोपी के पारिवारिक पृष्ठभूमि को लेकर भी कई तथ्य सामने आए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के पिता का आपराधिक इतिहास रहा है और उनका नाम गैंगस्टर छोटा राजन गिरोह से जुड़ा बताया जाता है। वर्ष 2012 में होटल व्यवसायी बी.आर. शेट्टी से संबंधित एक गोलीबारी मामले में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।

फिलहाल, इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि दोस्ती के इस रिश्ते में ऐसी कौन-सी दरार पड़ी, जिसने एक किशोर की जान ले ली।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00