Home ताजा खबरइश्क की सज़ा मौत! नांदेड़ में पहले गोलियां, फिर चाकू से युवक की नृशंस हत्या

इश्क की सज़ा मौत! नांदेड़ में पहले गोलियां, फिर चाकू से युवक की नृशंस हत्या

by admin
0 comments

महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर में गुरुवार शाम प्यार को कुचल देने वाली एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। प्रेम प्रसंग से नाराज़ लड़की के परिजनों ने एक युवक की गोली मारकर और बाद में सिर में चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान सक्षम ताटे के रूप में हुई है, जो अपनी दोस्त की बहन आंचल मामीलवाड से प्रेम करता था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सक्षम और आंचल का पिछले तीन साल से प्रेम संबंध था। दोनों अलग-अलग जाति से थे, जिसका आंचल के परिवारवाले लगातार विरोध कर रहे थे। आंचल के पिता गजानन मामीलवाड ने पहले ही सक्षम को बेटी से दूर रहने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद जब दोनों के रिश्ते की भनक फिर से परिवार को लगी, तो गुस्से में आकर खौफनाक साजिश रची गई।

गुरुवार शाम करीब 5 बजकर 20 मिनट के आसपास सक्षम ताटे को फोन कर पुराना गंज इलाके में बुलाया गया। जैसे ही वह वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे गजानन मामीलवाड, साहिल ठाकुर, जयश्री मदनसिंह ठाकुर, सोमाश लखे और वेदांत ने उस पर हमला कर दिया। पहले उस पर गोलियां चलाई गईं। जब वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा, तो हमलावरों ने उसके सिर में चाकू घोंपकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। इस क्रूर वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई और कुछ ही देर में घटना की खबर पूरे शहर में आग की तरह फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही नांदेड़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग और जातिगत विरोध सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आंचल के पिता गजानन बालाजीराव मामीलवाड सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल सभी से कड़ी पूछताछ जारी है।

बेटी के प्रेमी की हत्या के बाद जो दृश्य सामने आया, उसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। सक्षम ताटे के अंतिम संस्कार के दौरान उसकी प्रेमिका आंचल मामीलवाड उसके घर पहुंची। शव के सामने उसने शादी की रस्मों की तरह हल्दी-कुमकुम लगाया और सबके सामने माथे पर सक्षम के नाम का कुमकुम भर लिया। उसने शव के पास बैठकर चीत्कार करते हुए कहा—“मेरे प्रेमी को मार दिया गया, लेकिन वह मरकर भी जीत गया।” इस मार्मिक दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोग फूट-फूटकर रो पड़े।

आंचल ने मीडिया से बातचीत में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सक्षम जेल से छूटकर आने के बाद से ही उसके परिवार के लोग उसकी हत्या की साजिश रच रहे थे। उसने साफ तौर पर कहा कि उसके पिता और भाई ही इस हत्या के मुख्य जिम्मेदार हैं। आंचल ने अपने पिता और भाई को फांसी की सजा देने की मांग भी की है।

इस घटना ने एक बार फिर समाज के उस काले चेहरे को उजागर कर दिया है, जहां आज भी जाति और झूठी इज्जत के नाम पर प्रेम को अपराध बना दिया जाता है। जिस उम्र में सपने बुने जाते हैं, उसी उम्र में सक्षम को गोलियों और चाकू से भून दिया गया। नांदेड़ शहर में इस हत्या के बाद भारी आक्रोश का माहौल है। लोग दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है और मामले की गहराई से जांच जारी है। यह सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि प्यार के खिलाफ समाज की बेरहमी का एक और खौफनाक चेहरा है, जिसने पूरे नांदेड़ को झकझोर कर रख दिया है।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00