Home ताजा खबरवायुसेना में नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

वायुसेना में नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

by admin
0 comments

झुंझुनू। भारतीय वायु सेना में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 5 लाख रुपये की ठगी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फर्जी नियुक्ति पत्र, नकली दस्तावेज और झूठे ई-मेल के जरिये युवक को लंबे समय तक गुमराह किया गया। मामला झुंझुनू जिले के गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र का है।

थानाधिकारी सुरेश कुमार रोलन ने बताया कि थाना क्षेत्र निवासी नरेन्द्र कुमार ने 25 अप्रैल 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2023 में श्रद्धानाथ कॉलेज, गुढ़ागौड़जी में अध्ययन के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी आशीष कुमार पुत्र सांवरमल निवासी भोड़की से हुई। आरोपी ने खुद को भारतीय वायु सेना का कर्मचारी बताते हुए कई युवाओं को नौकरी दिलाने का दावा किया, जिससे नरेन्द्र उसके झांसे में आ गया।

आरोपी ने वायुसेना में चयन करवाने के नाम पर 8 मार्च 2023 से 14 अक्टूबर 2023 के बीच फोन-पे के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में कुल 5 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद आरोपी ने फर्जी लिखित परीक्षा का प्रवेश पत्र 15 मार्च 2023 की तारीख का दिखाया, लेकिन कोई परीक्षा नहीं दिलवाई। बाद में 29 अप्रैल 2023 को टाइपिंग टेस्ट में सफलता का फर्जी ई-मेल भेजा गया और 28 अक्टूबर 2023 की तारीख का फर्जी ज्वॉइनिंग लेटर भी थमा दिया गया।

नरेन्द्र को पहले बेलगावी स्थित एयर फोर्स स्टेशन जाने के लिए कहा गया। वहां पहुंचने पर आरोपी ने फोन कर उसे जैसलमेर बुला लिया। जैसलमेर में आरोपी ने 7-8 दिनों तक उसे ज्वॉइनिंग का भरोसा दिलाया और इस दौरान उसके सभी मूल दस्तावेज भी अपने पास रख लिए। बाद में दस्तावेज लौटाने से इनकार कर वह मौके से फरार हो गया।

परेशान होकर पीड़ित युवक बिना नियुक्ति के घर लौटा और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी आशीष कुमार (23) पुत्र सांवरमल जाट निवासी चिमनाराम की ढाणी, भोड़की को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से फर्जी दस्तावेज और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00