Home ताजा खबर600 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद बाइक चोर गिरफ्तार, पुणे से 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

600 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद बाइक चोर गिरफ्तार, पुणे से 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

by admin
0 comments

वसई। माणिकपुर पुलिस स्टेशन की क्राइम डिटेक्शन टीम ने वसई–नालासोपारा–विरार क्षेत्र में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पुणे जिले से कुल आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5.30 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 नवंबर 2025 को वसई पूर्व में प्लेटफॉर्म नंबर 7 के पास आदित्य होटल के सामने स्थित एक खाली जगह से एक युवक की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर माणिकपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसके बाद क्राइम डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने चोरी की घटनाओं की कड़ी जोड़ते हुए तकनीकी जांच को प्राथमिकता दी।

पुलिस टीम ने वसई से लेकर मुरबाड, ठाणे और दादर तक के 600 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लगातार निगरानी, फुटेज के विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। जांच के दौरान आरोपी की पहचान अविराज सुनील गायकवाड़ (31) के रूप में हुई।

आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने वसई–विरार क्षेत्र में कई मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ओतुर, जिला पुणे से 7 हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें और 1 रॉयल एनफील्ड बुलेट बरामद की। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने अब तक सात चोरी के मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी चोरी की गई मोटरसाइकिलों को दूसरे जिले में छिपाकर रखने और बाद में बेचने की फिराक में था। समय रहते की गई कार्रवाई से बड़े गिरोह का पता लगाने की भी संभावना जताई जा रही है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस उप आयुक्त परिमंडल-02 पौर्णिमा चौगुले/श्रिगी, सहायक पुलिस आयुक्त वसई नवनाथ घोगरे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हरिलाल जाधव तथा पुलिस निरीक्षक (गुन्हे) दुर्गा चौधरी के मार्गदर्शन में की गई। डिटेक्शन ब्रांच की टीम में पो.उ.नि. सुनील पाटील, पो.ह. शामेश चंदनशिवे, पो.शि. मंगेश जगताप, गोविंद लवटे, आनंदा गडदे, प्रविण कांदे सहित परिमंडल-02 कार्यालय के पो.ह. भालचंद्र बागुल और पो.शि. अमोल बर्डे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00