रोहित शर्मा के बाद भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान कौन होगा? इस सवाल का जवाब आने वाले दिनों में मिल जाएगा जब इंग्लैंड दौरे पर 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान होगा। रेस में शुभमन गिल का नाम सबसे आगे है। इसके अलावा ऋषभ पंत पर भी विचार किया जा रहा है। इस बीच खबर है कि एक चयनकर्ता को गिल को जिम्मेदारी देने पर आपत्ति है।
ब्रिटिश मीडिया स्काई स्पोर्ट्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि चयनकर्ताओं ने शुभमन गिल और ऋषभ पंत दोनों से बात की है। अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति के एक चयनकर्ता को गिल को कप्तानी देने पर आपत्ति है। उनका मानना है कि दाएं हाथ के इस बल्लेबाज की जगह टीम में जगह पक्की नहीं है। उन्हें उपकप्तान बनाया जाना चाहिए।
जल्द होगा भारतीय टीम का ऐलान
इस महीने की शुरुआत में रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया। ऐसे में भारतीय टीम नए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल में नए कप्तान के साथ दिखेगी। इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान इसी हफ्ते हो सकता है। इंडिया ए टीम का ऐलान पहले ही हो गया है। अभिमन्यु ईश्वरन को इसकी कप्तानी सौंपी गई है। ध्रुव जुरेल को उपकप्तान बनाया गया है। इंडिया ए टीम वहां 3 मैच खेलेगी। इंग्लैंड लायंस से 2 चार दिवसीय मैच और एक इंट्रा स्क्वाड मैच खेलना है।
