मुंबई : महाराष्ट्र के प्रख्यात सामाजिक चिंतक और शिक्षाविद् चंद्रवीर बंशीधर यादव ने शिक्षक दिवस के अवसर पर कहा कि बीएमसी स्कूल मुंबई के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों में से हैं और इन्हें समाज में शिक्षा सुधार और समान अवसर प्रदान करने का महत्वपूर्ण साधन माना जाना चाहिए। यादव लंबे समय से सामाजिक न्याय और गरीब तबकों की भलाई के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सुधार लाने के लिए कई अभियानों की शुरुआत की और दशकों से यह संदेश फैलाते रहे हैं कि “बीएमसी स्कूल इज द बेस्ट स्कूल इन मुंबई”।
उन्होंने कहा कि मुंबईकरों को अपने बच्चों का दाखिला बीएमसी स्कूलों में करवाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए ताकि शिक्षा का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके। इस मौके पर उन्होंने महाराष्ट्र और मुंबई के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। यादव ने कहा कि शिक्षा ही वह आधार है जिस पर समाज की प्रगति और देश का भविष्य टिका है, और बीएमसी स्कूल इस दिशा में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
चंद्रवीर यादव न केवल शिक्षा सुधारक के रूप में बल्कि समाजसेवी के रूप में भी जाने जाते हैं। वे कई सामाजिक संगठनों के प्रेरणास्रोत हैं और उन्होंने सदैव नि:स्वार्थ भाव से गरीबों और जरूरतमंदों की सहायता की है। उनका मानना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा समाज के प्रत्येक बच्चे तक पहुंचना चाहिए और बीएमसी स्कूल इस मिशन को सफल बनाने में एक मजबूत स्तंभ हैं।
