दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम आज भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबले का गवाह बनेगा। दोनों टीमें अपने-अपने शुरुआती मैच जीतकर आत्मविश्वास से भरी हुई हैं। भारत ने पिछले मैच में यूएई को हराकर शानदार शुरुआत की थी, वहीं पाकिस्तान ने ओमान पर बड़ी जीत दर्ज की थी। अब ग्रुप ‘ए’ में शीर्ष पर पहुंचने की जंग में दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी आमने-सामने होंगे।
इस महामुकाबले की शुरुआत दुबई समयानुसार शाम 6:30 बजे होगी, जबकि भारत में दर्शक इसे रात 8 बजे से देख पाएंगे। टॉस भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे होगा। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले शेड्यूल में बदलाव के चलते फैंस को नए टाइम स्लॉट का ध्यान रखना होगा।
मैच का लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर होगा, जिनमें सोनी स्पोर्ट्स 1, सोनी स्पोर्ट्स 3 (हिंदी), सोनी स्पोर्ट्स 4 और सोनी स्पोर्ट्स 5 शामिल हैं। वहीं, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर SonyLIV ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग होगी। इसके अलावा, दर्शक FanCode ऐप पर भी इस मुकाबले का आनंद ले सकते हैं, हालांकि इसके लिए 49 रुपये का सब्सक्रिप्शन शुल्क देना होगा।
भारत की संभावित प्लेइंग-11 में शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह शामिल हो सकते हैं। दूसरी ओर, पाकिस्तान की संभावित टीम में सइम अयूब, साहिबज्यादा फरहान, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फखर जमन, कप्तान सलमान अली आगा, शाहीन शाह अफरीदी और अबरार अहमद जैसे खिलाड़ी उतर सकते हैं।
भारत की गेंदबाजी में कुलदीप यादव और शिवम दुबे ने पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन कर टीम को मजबूती दी थी। वहीं पाकिस्तान के मोहम्मद हारिस ने बल्ले से दमदार पारी खेली थी। इस बार दोनों टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिल सकती है।
दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस रोमांचक भिड़ंत पर टिकी होंगी, जहां एशिया की दो सबसे बड़ी टीमें मैदान पर जीत के लिए अपना सबकुछ झोंक देंगी।