भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बेटे ने अपने ही पिता की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना का कारण नशे की लत और संपत्ति विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, गोपीगंज थाने के गोपालपुर उपवार गांव निवासी जयशंकर दुबे की हत्या उनके बड़े बेटे कृष्ण कुमार दुबे उर्फ दिलीप दुबे ने की। मामले का खुलासा तब हुआ जब छोटे बेटे सूरज दुबे ने पुलिस को तहरीर दी। उसने बताया कि 06 सितंबर की रात पिता भोजन के बाद कमरे में सो रहे थे। उसी समय बड़ा भाई भी कमरे में आया और कुछ देर बाद पिता के सीने पर चढ़कर उनका गला दबा दिया। इस घटना से मौके पर ही पिता की मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में परिवार ने पुलिस को इलेक्ट्रिक शॉक लगने से मौत की सूचना दी थी। लेकिन शव परीक्षण में हत्या की आशंका गहराने लगी। इसके बाद छोटे बेटे की तहरीर ने मामले को और स्पष्ट कर दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को कौलापुर रेलवे क्रॉसिंग, सेमराध रोड से गिरफ्तार कर लिया।
भदोही के अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी बेटे ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पिता लंबे समय से नशे के आदी थे और अपनी सभी जमीनें बेच चुके थे। अब वे बची हुई जमीन भी बेचने की फिराक में थे। इसी कारण से वह बेहद परेशान था और जमीन बचाने का कोई रास्ता न पाकर उसने गला दबाकर पिता की हत्या कर दी।
इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजते हुए मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।