टेक्नोलॉजी कंपनी में लगी आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा


वसई। वसई फाटा स्थित गिरीराज कॉम्प्लेक्स की चौथी मंजिल पर शुक्रवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक निजी टेक्नोलॉजी कंपनी में अचानक आग लग गई। घटना सुबह 6:53 बजे की है। गनीमत रही कि वसई-विरार महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग ने समय रहते मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पा लिया और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

सूचना मिलते ही वसई फाटा उप अग्निशमन केंद्र से पहला वाहन (एमएच 48 सिक्यू 3363) तुरंत रवाना किया गया। घटनास्थल पर पहुँचने के बाद टीम ने पाया कि कंपनी में रखे पॉवर बैंक, ऑक्सिमीटर, एजिंक रैक, कन्वेयर बेल्ट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में आग फैल चुकी थी। स्थिति की गंभीरता देखते हुए आचोले स्थित मुख्य केंद्र से और दो अग्निशमन वाहन (एमएच 48 सिक्यू 3364 और एमएच 48 जे ओ 368) को भी बुलाया गया।

कई घंटों की मशक्कत के बाद अग्निशमन कर्मियों ने होज पाइप और होजरील की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। दोपहर 1:40 बजे तक सभी गाड़ियाँ घटनास्थल से वापस लौट गईं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और कंपनी में मौजूद सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।

अग्निशमन ऑपरेशन का नेतृत्व मृणाली चाफेकर और ईश्वर कुंभार ने किया। इस बचाव कार्य में वसई फाटा अग्निशमन केंद्र से दीपक भोईर (वाहन चालक), महेंद्र सातपुते, निकेत पाटील और दर्शन पाटील सक्रिय रहे। वहीं मुख्य केंद्र आचोले से विराग म्हात्रे, गणेश पवार, भूपेश भोईर, सागर पाटील, जतीन भोईर, सचिन पाटील, मंगेश पाटील, कुणाल पाटील और अतुल डोंबरे ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आग की सूचना सबसे पहले अधिकारी ईश्वर कुंभार ने दी थी, जिनकी तत्परता से राहत अभियान तुरंत शुरू किया जा सका। स्थानीय लोगों और कंपनी प्रबंधन ने फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई और साहसिक प्रयासों की सराहना की है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, समय पर की गई कार्रवाई ने वसई में एक बड़े हादसे को टलने से बचा लिया।

Related posts

दोस्ती बनी दुश्मनी का कारण, 15 वर्षीय किशोर ने 17 साल के साथी की ली जान

उद्धव ठाकरे को लोकसभा में बड़ा झटका! छह सांसदों ने बनाया अलग गुट, शिंदे सेना में विलय की अटकलों से सियासत गरम

BEST कर्मचारियों की आर-पार की लड़ाई, आज से अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान