मुंबई। दिवाली की खुशियों के बीच मुंबई में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। कफ परेड इलाके के शिवशक्ति नगर स्थित एक चॉल में आग लगने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग झुलसकर घायल हो गए। घटना सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है, जब अधिकांश लोग सो रहे थे।
फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियाँ सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आग चॉल की पहली मंजिल पर करीब 10×10 फीट के हिस्से में लगी थी। इस क्षेत्र में बिजली की वायरिंग, तीन इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरियां और घरेलू सामान रखा हुआ था। समय पर आग पर नियंत्रण पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना में घायल चार लोगों को सेंट जॉर्ज अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने 15 वर्षीय यश विट्ठल खोत को मृत घोषित कर दिया। बाकी तीन घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर निकल आए।
फायर ब्रिगेड और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी। दिवाली की रात जहां शहर रोशनी से जगमगा रहा था, वहीं इस हादसे ने शिवशक्ति नगर की खुशियों को मातम में बदल दिया।
