नायगांव। नायगांव पुलिस ने तेज़ और सटीक कार्रवाई करते हुए 6 लाख रुपये की चोरी का मामला चंद घंटों में सुलझा लिया। पुलिस ने करीब 50 से 60 सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद एक महिला आरोपी को वसई रेलवे स्टेशन परिसर से पकड़ा, जो चोरी के माल के साथ गांव भागने की तैयारी में थी।
नायगांव पूर्व के सनटेक वर्ल्ड सोसाइटी के फ्लैट नंबर 1403 में यह चोरी उस समय हुई, जब शिकायतकर्ता विभु विजय सोनी अपने परिवार के साथ घर पर ही मौजूद थे। रात में सभी के सो जाने पर घर में रहने वाली महिला मनिषा ओमपाल शर्मा (30) ने सूटकेस में रखे सोने के गहने, नकदी, मोबाइल फोन व अन्य कीमती सामान कुल 6,01,000 रुपये का माल चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर नायगांव पुलिस थाने में अपराध रजि. नं. 606/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 में मामला दर्ज किया गया।
सीसीटीवी जांच ने पुलिस को आरोपी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। नायगांव पुलिस की टीम ने मनिषा को वसई रेलवे स्टेशन परिसर से पकड़ लिया। पूछताछ में उसने चोरी की बात कबूल की। उसके सूटकेस से 5,91,470 रुपये का सोना, नकदी और मोबाइल बरामद किए गए। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय हजारे और पुलिस निरीक्षक (गुन्हे) विजय कदम के मार्गदर्शन में की गई। टीम में सपोनि गणेश केकान, उपनि. ज्ञानेश्वर आसबे, पोहवा सचिन ओलेकर, सचिन मोहिते, पो.अंमलदार चेतन ठाकरे, सचिन खंताळ, जयवंत खंडवी, अशोक पाटील और मसुब रुपाली आठवले शामिल रहे। नायगांव पुलिस ने तत्परता व तकनीकी जांच के बल पर इस बड़े चोरी मामले को सफलतापूर्वक सुलझाते हुए संपूर्ण चोरी का माल बरामद किया।
