क्राइम ब्रांच की सटीक कार्रवाई, शहर की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
मुंबई की शांति भंग करने की नीयत से अवैध हथियार लेकर घूम रहे उत्तर प्रदेश के एक बंदूक सप्लायर को क्राइम ब्रांच ने शिवडी इलाके से दबोच लिया। एंटी एक्सटॉर्शन सेल की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि बाहरी सूबे से आने वाले अपराधियों का नेटवर्क मुंबई में लगातार सक्रिय है और पुलिस को सतर्क रहने की जरूरत है।
सूत्रों के अनुसार क्राइम ब्रांच को जानकारी मिली थी कि शिवडी–डॉकयार्ड रोड इलाका में एक युवक अवैध हथियारों की डील करने पहुंचने वाला है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने इलाके में घेरा बनाया और 24 वर्षीय अजय कुमार को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से तीन देशी पिस्तौल, दस जिंदा कारतूस, तीन मैगजीन और एक संदिग्ध मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस टीम के अनुसार आरोपी खुलेआम हथियार लेकर घूम रहा था, जो महानगर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खडा करता है।
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी का नेटवर्क उत्तर प्रदेश के हथियार तस्करों से जुडा है और वह मुंबई में एक बडी सप्लाई देने आया था। पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि यह हथियार किसके लिए लाए गए थे और क्या इसके पीछे कोई बडा गिरोह सक्रिय है।
अजय कुमार के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारी मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में इस केस में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं, क्योंकि अवैध हथियारों का यह धंधा बाहर के राज्यों से संचालित होने की आशंका है।
मुंबई जैसे संवेदनशील महानगर में हथियारों की ऐसे सप्लाई ने सुरक्षा एजेंसियों को चौकन्ना कर दिया है और पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को तोडने की दिशा में तेजी से जांच आगे बढ़ा रही है।
