हाइवे पर भीषण हादसा, अग्निशमन दल की दो घंटे की मशक्कत के बाद ड्राइवर की बचाई जान

वसई। मुंबई–अहमदाबाद महामार्ग पर तड़के हुए एक भयावह हादसे ने पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी। पेल्हार पुलिस स्टेशन के सामने देर रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फँस गया और उसकी जान पर बन आई।

घटना रात 2:38 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही वसई फाटा अग्निशमन केंद्र, वसई पूर्व की टीम अग्निशमन वाहन (MH-48-CB-4033) के साथ मौके पर पहुंची। वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि ट्रेलर (UP-44-BT-5219) का चालक मोहम्मद अन्वर (43 वर्ष) केबिन के अंदर पूरी तरह दबा हुआ है और बाहर निकलने की कोई संभावना नहीं है। वाहन का अगला हिस्सा इस कदर क्षतिग्रस्त था कि rescue टीम को अत्यधिक जोखिम उठाना पड़ रहा था।

अग्निशमन दल ने तुरंत हाइड्रोलिक कटर मशीन, स्प्रेडर, रॉड कटर सहित अन्य विशेष उपकरणों की मदद से राहत कार्य शुरू किया। रात के अंधेरे और कठिन परिस्थितियों के बावजूद टीम करीब दो घंटे लगातार ऑपरेशन में जुटी रही। गहन प्रयासों के बाद अंततः चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

इस हादसे में ड्राइवर का बायां पैर फ्रैक्चर हुआ है। उसे नज़दीकी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

उधर, पेल्हार पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। अग्निशमन दल की तत्परता और साहसिक प्रयासों से एक बड़ी जान बचाई जा सकी, जिसकी स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

Related posts

दोस्ती बनी दुश्मनी का कारण, 15 वर्षीय किशोर ने 17 साल के साथी की ली जान

उद्धव ठाकरे को लोकसभा में बड़ा झटका! छह सांसदों ने बनाया अलग गुट, शिंदे सेना में विलय की अटकलों से सियासत गरम

BEST कर्मचारियों की आर-पार की लड़ाई, आज से अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान