कल्याण—चिंचपाड़ा रोड स्थित रितेश एम्पायर परिसर में चल रहे अवैध ‘जॉयस्टिक जंगल’ गेम ज़ोन पर कल्याण पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर शनिवार देर शाम छापा मारकर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की इस कार्रवाई में आठ नाबालिग लड़के और लड़कियां कंप्यूटर पर ऑनलाइन गेम खेलते हुए पाए गए, जबकि मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान गेम ज़ोन के ग्राउंड फ्लोर पर एक संदिग्ध प्राइवेट रूम भी मिला, जिसकी स्थिति बेहद खराब थी। कमरे में न रोशनी थी, न ही किसी तरह की वेंटिलेशन की सुविधा। यही नहीं, फायर सेफ्टी उपकरणों का भी पूरी तरह अभाव था और सुरक्षा के मद्देनज़र जरूरी सीसीटीवी कैमरे भी वहां मौजूद नहीं थे। अधिकारियों ने बताया कि यह गेम ज़ोन सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी करते हुए चलाया जा रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि संचालकों द्वारा इस गेम ज़ोन में प्रवेश के लिए ‘क्लासेस’ और ‘ट्यूशन’ का नाम इस्तेमाल किया जाता था, ताकि नाबालिग बच्चे आसानी से अंदर आ सकें। आसपास के लोगों को भी इस गतिविधि की भनक नहीं लगने दी जाती थी। मौके पर पकड़े गए बच्चों के साथ कोई भी वयस्क अभिभावक उपस्थित नहीं था, जिससे पुलिस की आशंकाएँ और गहरी हो गईं।
इस मामले में पुलिस ने तीन युवकों—पृथ्वीराज राजा चवान (27), श्रीराम राजा चवान (25) और अमित उदाराम सोनवणे (20)—को हिरासत में लिया है। इन पर सुरक्षा मानकों के उल्लंघन, नाबालिगों को अनुचित गतिविधियों में शामिल करने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों से पूछताछ जारी है, जबकि गेम ज़ोन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।
डीसीपी अतुल झेंडे ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे बच्चों की गतिविधियों, उनके आने-जाने के स्थानों और समय पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में इस तरह के नियम-विरुद्ध चलने वाले गेमिंग ज़ोन्स और मनोरंजन केंद्रों पर पुलिस की सख्त निगरानी जारी रहेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों को ऐसे क्षेत्रों में भटकाने वाली जगहों पर आगे भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की कार्रवाई का स्वागत किया है और ऐसे अवैध गेमिंग केंद्रों पर नकेल कसने की मांग की है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आवश्यकतानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
