मुंबई: मुंबई के घाटकोपर पश्चिम इलाके में हुई सनसनीखेज जबरी चोरी और हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी बुरखाधारी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। यह जघन्य वारदात 26 नवंबर की शाम लगभग 6 बजे घाटकोपर पश्चिम स्थित हिमालय सोसायटी, एनएसएस रोड पर घटी, जहां 65 वर्षीय महिला शहनाज अनिस काज़ी की अज्ञात महिला ने चोरी के इरादे से बेरहमी से हमला कर हत्या कर दी थी।
घटना के बाद इमारत की निवासी सायका रईस अंसारी की शिकायत पर घाटकोपर पुलिस थाना में अपराध क्रमांक 932/25 के तहत जबरी चोरी और हत्या का मामला दर्ज किया गया। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया था। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष जांच अभियान शुरू करने के निर्देश दिए।
राकेश ओला (पुलिस उपायुक्त, परिमंडल-7), शैलेश पासलवार और सतीश जाधव के मार्गदर्शन में एक हाई-प्रोफाइल जांच शुरू की गई। इस मामले के लिए घाटकोपर पुलिस के अपराध प्रकटीकरण दल, निगरानी दल, आतंकवाद विरोधी दल, मोटर वाहन चोरी विरोधी दल तथा परिमंडल-7 के सभी पुलिस थानों के अधिकारियों को मिलाकर कुल 10 विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस ने सबसे पहले घटनास्थल और उसके आसपास लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की कार्रवाई शुरू की। घंटों की तकनीकी जांच के दौरान एक बुरखाधारी महिला को मुख्य सड़क से मुकुंद सोसायटी की दिशा में जाते हुए देखा गया। उसकी चाल-ढाल और गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। इसके बाद पुलिस ने संबंधित सभी रास्तों के सरकारी और निजी सीसीटीवी कैमरों की गहराई से जांच की।
तकनीकी विश्लेषण के साथ-साथ स्थानीय मुखबिरों से भी गुप्त जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान कर ली गई। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान महिला ने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी महिला ने पहले रेकी की थी और फिर अकेली बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर घर में घुसकर जबरी चोरी की कोशिश की। विरोध करने पर उसने बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गई थी।
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक रेवणसिद्ध ठेंगले, पुलिस निरीक्षक अशरूद्दीन शेख, सहायक पुलिस निरीक्षक तिरमारे और उनकी टीम, सहायक पुलिस निरीक्षक खरमाटे व निगरानी दल, तथा मोटर वाहन चोरी विरोधी दल के उपनिरीक्षक पांडुरंग साळुंखे और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा है।
पुलिस की इस तेज और सटीक कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों में राहत की भावना देखी जा रही है। इलाके के निवासियों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इतनी जल्दी हत्या जैसे गंभीर मामले का खुलासा होना पुलिस की सक्रियता और तकनीकी दक्षता को दर्शाता है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी गिरोह से जुड़ी है या इस तरह की वारदात पहले भी कर चुकी है। साथ ही चोरी किए गए सामान की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं। घाटकोपर पुलिस का कहना है कि इस मामले में जल्द ही विस्तृत चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
