पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी साजिश, राजस्थान में भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त

श्रीनाथ मंदिर से चार किमी दूर लदे पिकअप से बरामद, 10 किमी तक मच सकती थी तबाही

राजसमंद। राजस्थान में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई। राजसमंद जिले में अवैध तरीके से विस्फोटक सामग्री ले जा रहे एक पिकअप वाहन को पुलिस ने जब्त किया है। पिकअप में इतनी अधिक मात्रा में विस्फोटक भरा था कि यदि इसका धमाका हो जाता, तो करीब 10 किलोमीटर के इलाके में भारी तबाही मच सकती थी। यह बरामदगी नाथद्वारा स्थित प्रसिद्ध श्रीनाथ मंदिर से महज चार किलोमीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

दिल्ली में हाल ही में हुए कार बम धमाके के बाद राजस्थान पुलिस पहले से ही हाई अलर्ट पर थी। इसी सतर्कता के चलते पुलिस को यह बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस के अनुसार, यह पिकअप वाहन आमेट क्षेत्र से नाथद्वारा की ओर जा रहा था। सुबह के समय विस्फोटक सामग्री को वाहन में लोड किया गया था। संदिग्ध सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुआ।

पिकअप में रखे गए विस्फोटक कार्टन में पैक थे। जब पुलिस ने गिनती शुरू की तो उसकी मात्रा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। प्रारंभिक आकलन में यह सामने आया है कि यदि इस विस्फोटक का इस्तेमाल किया जाता तो इसका असर लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में देखने को मिलता। सुरक्षा के लिहाज से तत्काल विस्फोटक को वाहन से नीचे उतारकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल विस्फोटक सामग्री की विस्तृत जांच और गिनती की जा रही है। इसके बाद इसका वास्तविक वजन मापा जाएगा। यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह विस्फोटक किस स्थान से लोड किया गया था और इसकी डिलीवरी कहां होनी थी। साथ ही यह जांच भी की जा रही है कि इसका उपयोग किन उद्देश्यों के लिए किया जाना था।

इस पूरे मामले में पिकअप चालक को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान कुछ नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुट गई हैं। पुलिस सभी पहलुओं को गंभीरता से खंगाल रही है और किसी भी आतंकी या आपराधिक साजिश से जुड़े तारों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।

राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कार्य जारी है और जल्द ही इस सनसनीखेज बरामदगी से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

Related posts

दोस्ती बनी दुश्मनी का कारण, 15 वर्षीय किशोर ने 17 साल के साथी की ली जान

उद्धव ठाकरे को लोकसभा में बड़ा झटका! छह सांसदों ने बनाया अलग गुट, शिंदे सेना में विलय की अटकलों से सियासत गरम

BEST कर्मचारियों की आर-पार की लड़ाई, आज से अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान